विषय: तत्कालीन भारतीय जनता पार्टी के शासन के द्वारा सन 2014 में छत्तीसगढ़ प्रदेश में कार्यरत सफाई कामगार के पदों को मृत घोषित करते हुए ठेकेदारी प्रथा प्रारंभ की गई थी जिसको समाप्त करते हुए सफाई कर्मचारी पद को नियमितीकरण कर सफाई कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी योजना लागू किए जाने बाबत
सनम्र निवेदन है कि, हम भारतीय सफाई कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण है जो आपके समक्ष निम्नानुसार विनती करते हैं

छत्तीसगढ़ प्रदेश में विगत सन 2014 में तत्कालीन भारतीय जनता पार्टी की सरकार के द्वारा सफाई कामगार पद को मृत (Dying Cadre ) घोषित करते हुए सफाई कार्य को निजी ठेकेदारों के हवाले कर दिया गया । उसके पश्चात सफाई कर्मचारी पद नियमित रूप से न नियुक्ति किया जा रहा है और ना ही सफाई कर्मचारी पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किया जा रहा है , जिस कारण छत्तीसगढ़ प्रदेश के लाखों सफाई कर्मचारी प्रभावित है ।
विदित हो कि, सफाई कर्मचारियों को निजी ठेकेदारों के हवाले कर दिए जाने के पश्चात सफाई कर्मचारियों के लिए बनी विशेष कानू “छग हाथ से मैला उठाने वालों का नियोजन का प्रतिषेध तथा उनका पुनर्वास अधिनियम 2013 व नियम 2014, न्यूनतम वेतन अधिनियम, पीएफ अधिनियम, मातृत्व लाभ अधिनियम आदि वैधानिक उपवंधो के खुलेआम उल्लंघन हो रहा है परिणाम स्वरूप सफाई कर्मचारियों के संवैधानिक अधिकार का हनन हो रहा है। जैसे कि आप जानते हैं सन 2020 में वैश्विक महामारी करोना के कारण पूरे दुनिया में कोहराम मचा था जिससे छत्तीसगढ़ प्रदेश भी प्रभावित हुआ था। कोरोना के कारण लॉक डाउन के दौरान जहां आम जनों को घर से निकलने की अनुमति नहीं दी गई थी, वहां हमारे सफाई कर्मचारी लोग अपने जान को जोखिम में डालते हुए घर से बाहर निकल कर नाला, नाली, सीवर, गटर ,रोड, रास्ता आदि में जा कर सफाई करते हुए शहर, गांव एवं पूरे प्रदेश को स्वस्थ वातावरण देने में अहम भूमिका निभाई परंतु इस नाजुक समय में भी हमारे सफाई कर्मचारियों के लिए किसी भी प्रकार का अतिरिक्त लाभ नहीं दिया गया। बल्कि इस करोना काल में भी हमारे कई सफाई कर्मचारी मौत के मुंह में समा गए। इस प्रकार हमारे सफाई कर्मचारी की समस्या अति गंभीर है। हम आजाद देश के गुलाम नागरिक की तरह जीवन यापन कर रहें है।
अतः मान्यवर से हम सभी सफाई कर्मचारी हाथ जोड़ कर निवेदन करते हैं, आप प्रदेश के मुखिया है, आप के कुशल नेतृत्व से प्रदेश विकास की पथ पर चल रही है, इसलिए आप से प्रार्थना है कृपया भारतीय जनता पार्टी सरकार के द्वारा सन 2014 में सफाई कर्मचारी पद को जो मृत घोषित किया गया है उसको समाप्त करते हुए पुनः सफाई कर्मचारी पद को जीवित किया जावे एवं जो भी सफाई कर्मचारी हैं जो विगत लगभग 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत हैं उन्हें नियमित पद पर नियुक्त करने का कृपा करें , साथ ही सफाई कर्मचारीयो के अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण हजारों की संख्या में लंबित है इसका भी समय पर नियमित पद पर नियुक्ति करने की कृपा करें एवं अन्य कल्याणकारी योजना सफाई कर्मचारियों के लिए आरंभ करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश को गौरवान्वित करने का कृपा करें जिससे पूरे सफाई कर्मचारी परिवार आप तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस का आभारी रहेंगे।

