मावा गुजिया के साथ सेलिब्रेट करें होली, रंगों में घुलेगी स्वाद की मिठास, हर कोई करेगा तारीफ. होली सेलिब्रेट करने के लिए कई तरह की स्वीट डिशेस बनाई जाती हैं.
पारंपरिक मावा गुजिया का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. मावा गुजिया बनाने के लिए सामग्री
मैदा – 2 कप
मावा – 100 ग्राम
काजू – 1 टेबलस्पून
किशमिश – 1 टेबलस्पून
चिरौंजी – 1 टेबलस्पून
सूखा खोपरा कद्दूकस – 2 टेबलस्पून
इलायची – 4-5
देसी घी – जरूरत के मुताबिक
चीनी का बूरा – 1/2 कप. मावा गुजिया बनाने की विधि- मावा गुजिया बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मैदा डालकर उसमें 1 चम्मच घी डालकर मिक्स कर दें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को अच्छी तरह से मसलते हुए गूंथे जिससे वह चिकना हो जाए. इसके बाद आटे को कपड़े से ढककर 20-25 मिनट के लिए अलग रख दें. इसके बाद काजू और किशमिश के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर अलग रख दें.
अब एक कड़ाही में मावा डालकर उसे मीडियम आंच पर रखते हुए सॉट करें. मावा तब तक भूनना है जब तक कि उसका रंग लाइट ब्राउन न हो जाए. मावा के रंग बदलने के बाद गैस बंद कर दें और मावा एक बड़ी बाउल में निकालकर उसे ठंडा होने के लिए अलग रख दें. जब मावा ठंडा हो जाए तो उसमें कद्दूकस किया सूखा खोपरा, कटे ड्राई फ्रूट्स और किशमिश डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें. अब इस मिश्रण में चिरौंजी और इलायची दाने डालकर मिलाएं.स्टफिंग तैयार होने के बाद मैदे का आटा लें और उसे एक बार और गूंथकर उसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. अब एक लोई को लेकर पूरी की तरह पतली बेल लें. गुजिया का सांचा लेकर उसमें पूीर रखिए और बीच में मावा फिंलिंग कर दें. अब पूरी के किनारे पर थोड़ा सा पानी लगाकर सांचा बंद कर दें और हल्का सा दबाएं. इसके गुजिया की कटिंग हो जाएगी. अब गुजिया को एक प्लेट में निकालकर रखें. इसी तरह सारी गुजिया बना लें. आप चाहें तो सांचे बजाय हाथ से भी ये प्रक्रिया कर सकते हैं.गुजिया तैयार हो जाने के बाद एक कड़ाही में देसी घी डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. जब घी पिघल जाए तो उसमें मावा गुजिया डालकर डीप फ्राई करें. गुजिया को गोल्डन ब्राउन होने तक तलना है. इस दौरान गुजिया पलटते भी रहें. गुजिया जब फ्राई हो जाएं तो उन्हें एक प्लेट में निकाल लें. इसी तरह सारी मावा गुजिया फ्राई करें. होली में मिठास घोलने के लिए मावा गुजिया तैयार हो चुकी हैं. ठंडी होने के बाद इन्हें एक एयरटाइप कंटेनर में रखकर स्टोर कर लें.

