भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 का दूसरा मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला गया. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 336 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए उसकी पूरी टीम पांचवें दिन के दूसरे सेशन में 271 रनों पर ऑलआउट हो गई. इंग्लैंड की दूसरी पारी में आकाश दीप ने 6 विकेट झटके. शुभमन गिल की कप्तान में ये भारत की पहली जीत रही. शुभमन ने इस मैच में 269 और 161 रन बनाए थे. इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है. सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा.

विदेश में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत, 58 साल का सूखा खत्म
देखा जाए तो भारत ने पहली बार बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर टेस्ट जीत हासिल की है. इससे पहले जो उसने इस मैदान पर 8 टेस्ट मैच खेले थे, उसमें से सात में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था. जबकि एक मुकाबला ड्रॉ पर छूटा. भारतीय टीम ने इस मैदान पर पहला टेस्ट जुलाई 1967 में खेला था, जिसमें उसे 132 रनों से पराजय का मुंह देखना पड़ा था. अब भारत ने 58 साल का सूखा खत्म किया है. भारत की विदेशी जमीन पर ये रनों के लिहाज से सबसे बड़ी टेस्ट जीत भी रही. इससे पहले 2019 में एंटीगा टेस्ट में भारत ने वेस्टइंडीज को 318 रनों से हराया था.
इंग्लैंड की ऐसी रही दूसरी पारी
विशाल टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने 50 रनों तक अपने तीन विकेट गंवा दिए. जैक क्राउली (0) को मोहम्मद सिराज ने आउट किया. वहीं बेन डकेट (25) और जो रूट (6) को आकाश दीप ने चलता किया. इसके बाद ओली पोप और हैरी ब्रूक ने चौथे दिन (5 जुलाई) के खेल में इंग्लैंड को कोई और नुकसान नहीं होने दिया था.
पांचवें दिन जब बारिश के खलल के बाद मुकाबला शुरू हुआ तो आकाश दीप ने भारत को जल्द ही सफलता दिला दी. आकाश ने सेट बल्लेबाज ओली पोप को बोल्ड कर दिया, जो 24 रन बना पाए. फिर आकाश ने हैरी ब्रूक (23 रन) को आउट करके भारत को पांचवीं सफलता दिला दी. ब्रूक के आउट होने के बाद बेन स्टोक्स और जेमी स्मिथ ने छठे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी करके इंग्लैंड को संभालने की कोशिश की. वॉशिंगटन सुंदर ने लंच से ठीक पहले बेन स्टोक्स (33 रन) को आउट करके इस पार्टनरशिप को तोड़ा.
इंग्लैंड की दूसरी पारी का स्कोरकार्ड: (271/10, 68.1 ओवर)
बल्लेबाज विकेट रन
जैक क्राउली कैच साई सुदर्शन, बोल्ड मोहम्मद सिराज 0
बेन डकेट बोल्ड आकाश दीप 25
ओली पोप बोल्ड आकाश दीप 24
हैरी ब्रूक LBW आकाश दीप 23
बेन स्टोक्स LBW वॉशिंगटन सुंदर 33
जेमी स्मिथ कैच वॉशिंगटन सुंदर, बोल्ड आकाश दीप 88
क्रिस वोक्स कैच मोहम्मद सिराज, बोल्ड प्रसिद्ध कृष्णा 7
ब्रायडन कार्स कैच शुभमन, बोल्ड आकाश दीप 38
जोश टंग कैच मोहम्मद सिराज, बोल्ड रवींद्र जडेजा 2
विकेट पतन: 11-1 (जैक क्राउली, 1.4 ओवर), 30-2 (बेन डकेट, 4.3 ओवर), 50-3 (जो रूट, 10.2 ओवर), 80-4 (ओली पोप, 19.1 ओवर), 83-5 (हैर ब्रूक, 21.3 ओवर), 153-6 (बेन स्टोक्स, 40.3 ओवर), 199-7 (क्रिस वोक्स, 52.1 ओवर), 226-8 (जेमी स्मिथ, 55.4 ओवर), 246-9 (जोश टंग, 63.5 ओवर), 271-10 (ब्रायडन कार्स, 68.1 ओवर)
भारत की दूसरी पारी में शुभमन के 169 रन
मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी 6 विकेट के नुकसान पर 427 रन बनाकर घोषित की थी. कप्तान शुभमन गिल दूसरी पारी में भी शतक जड़ने में कामयाब रहे. शुभमन ने 162 गेंदों पर 161 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. वहीं रवींद्र जडेजा 69 रन (118 गेंद, 5 चौके और एक सिक्स) पर नाबाद लौटे. केएल राहुल (55 रन) और ऋषभ पंत (65 रन) ने भी शानदार पारियां खेलीं.
भारत की दूसरी पारी का स्कोरकार्ड: (427/6 d, 83 ओवर)
यशस्वी जायसवाल LBW जोश टंग 28
केएल राहुल बोल्ड जोश टंग 55
करुण नायर कैच जेमी स्मिथ, बोल्ड ब्रायडन कार्स 26
शुभमन गिल कॉट एंड बोल्ड शोएब बशीर 161
ऋषभ पंत कैच बेन डकेट, बोल्ड शोएब बशीर 65
रवींद्र जडेजा नाबाद 69*
वॉशिंगटन सुंदर नाबाद 12*
विकेट पतन: 51-1 (यशस्वी जायसवाल, 7.4 ओवर), 96-2 (करुण नायर, 20.6 ओवर), 126-3 (केएल राहुल, 29.1 ओवर), 236-4 (ऋषभ पंत, 46.2 ओवर), 411-5 (शुभमन गिल, 80.5 ओवर), 412-6 (नीतीश कुमार रेड्डी, 81.1 ओवर)
स्मिथ-ब्रूक ने पहली पारी में जड़ा शतक, सिराज के 6 विकेट
मुकाबले में इंग्लैंड की पहली पारी 407 रनों के स्कोर पर सिमट गई थी. विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने 207 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 184 रन बनाए, जिसमें 21 चौके और चार छक्के शामिल रहे. वहीं हैरी ब्रूक ने 234 गेंदों पर 158 रनों की शानदार पारी खेली. ब्रूक ने इस दौरान 17 चौके के अलावा एक छक्का लगाया. स्मिथ ने ब्रूक के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 303 रनों की पार्टनरशिर की. भारत की ओर से तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज ने 6 और आकाश दीप ने चार विकेट चटकाए.
बल्लेबाज विकेट रन
जैक क्राउली कैच करुण नायर, बोल्ड मोहम्मद सिराज 19
बेन डकेट कैच शुभमन गिल, बोल्ड आकाश दीप 0
ओली पोप कैच केएल राहुल, बोल्ड आकाश दीप 0
जो रूट कैच ऋषभ पंत, बोल्ड मोहम्मद सिराज 22
हैरी ब्रूक बोल्ड मोहम्मद सिराज 158
जेमी स्मिथ नाबाद 184*
क्रिस वोक्स कैच करुण नायर, बोल्ड आकाश दीप 5
ब्रायडन कार्स LBW मोहम्मद सिराज 0
जोस टंग LBW मोहम्मद सिराज 0
शोएब बशीर बोल्ड मोहम्मद सिराज 0
विकेट पतन: 13-1 (बेन डकेट, 2.4 ओवर), 13-2 (ओली पोप, 2.5 ओवर), 25-3 (जैक क्राउली, 7.1 ओवर), 84-4 (जो रूट, 21.3 ओवर), 84-5 (बेन स्टोक्स, 21.4 ओवर), 387-6 (हैरी ब्रूक, 82.2 ओवर), 395-7 (क्रिस वोक्स, 86.5 ओवर), 396-8 (ब्रायडन कार्स, 87.5 ओवर), 407-9 (जोश टंग, 89.1 ओवर), 407-10 (शोएब बशीर, 89.3 ओवर)
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 587 रनों का पहाड़ सरीखा स्कोर खड़ा किया. शुभमन गिल ने रिकॉर्डतोड़ 269 रन बनाए, जिसमें 30 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. इस दौरान उन्होंने 387 गेंदों का सामना किया. वहीं सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 87 और रवींद्र जडेजा ने 89 रनों का योगदान दिया. इंग्लैंड की तरफ से शोएब बशीर ने सबसे ज्यादा 3 सफलताएं हासिल कीं.
भारत की पहली पारी का स्कोरकार्ड: (587/10, 151 ओवर)
बल्लेबाज विकेट रन
यशस्वी जायसवाल कैच जेमी स्मिथ, बोल्ड बेन स्टोक्स 87
केएल राहुल बोल्ड क्रिस वोक्स 2
करुण नायर कैच हैरी ब्रूक, बोल्ड ब्रायडन कार्स 31
शुभमन गिल कैच ओली पोप, बोल्ड जोश टंग 269
ऋषभ पंत कैच जैक क्राउली, बोल्ड शोएब बशीर 25
नीतीश कुमार रेड्डी बोल्ड क्रिस वोक्स 1
रवींद्र जडेजा कैच जेमी स्मिथ, बोल्ड जोश टंग 89
वॉशिंगटन सुंदर बोल्ड जो रूट 42
आकाश दीप कैच बेन डकेट, बोल्ड शोएब बशीर 6
मोहम्मद सिराज स्टम्प जेमी स्मिथ, बोल्ड शोएब बशीर 8
प्रसिद्ध कृष्णा नाबाद 5*
विकेट पतन: 15-1 (केएल राहुल, 8.4 ओवर), 95-2 (करुण नायर, 23.3 ओवर), 161-3 (यशस्वी जायसवाल, 45.1 ओवर), 208-4 (ऋषभ पंत, 60.1 ओवर), 211-5 (नीतीश कुमार रेड्डी, 61.4 ओवर), 414-6 (रवींद्र जडेजा, 107.3 ओवर), 558-7 (वॉशिंगटन सुंदर, 138.4), 574-8 (शुभमन गिल, 143.3 ओवर), 574-9 (आकाश दीप, 144.2 ओवर), 587-10 (मोहम्मद सिराज, 150.6 ओवर)
भारतीय टीम की प्लेइंग 11: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज.
इंग्लैंड की प्लेइंग XI: बेन डकेट, जैक क्राउली, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, शोएब बशीर, जोश टंग.
एजबेस्टन के मैदान पर भारत vs इंग्लैंड
कुल टेस्ट मैच: 9
इंग्लैंड ने जीते: 7
भारत ने जीते: 1
ड्रॉ: 1
एजबेस्टन में इंग्लैंड का रिकॉर्ड
कुल टेस्ट मैच: 57
मैच जीते: 30
मैच हारे: 16
ड्रॉ: 11



