मुख्यमंत्री वृक्ष सम्पदा योजना की हुई कार्यशाला
किसानों एवं ग्रामीणों को निजी भूमि पर वृक्ष रोपित करने प्रेरित किये जाने पर बल
कोण्डागांव,31 जनवरी 2023/ जिले के दक्षिण कोण्डागांव वनमण्डल के अंतर्गत मुख्यमंत्री वृक्ष सम्पदा योजना का बेहतर ढंग से कार्यान्वयन करने के उद्देश्य से गत दिवस वन काष्ठागार कोण्डागांव में मुख्यमंत्री वृक्ष सम्पदा योजना के सम्बंध में एसडीओ फारेस्ट, रेंज आफिसर्स सहित वन विभाग के मैदानी अमले की प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न हुई। इस दौरान अवगत कराया गया कि इस योजना के अंतर्गत सिंचित वृक्ष रोपण का कार्य 21 मार्च से शुरू किया जायेगा, जिसमें टिश्यू कल्चर सागौन एवं बांस के उच्च गुणवत्ता के पौधे रोपित किया जायेगा। योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु वन विभाग के अमले को किसानों एवं ग्रामीणों से व्यक्तिगत सम्पर्क कर उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी देने सहित अपने निजी भूमि पर मुख्यमंत्री वृक्ष सम्पदा योजनान्तर्गत पौधरोपण कर भविष्य में आय संवृद्धि करने की समझाईश देने कहा गया। इस कार्यशाला में योजनान्तर्गत अब तक चयनित हितग्राहियों की भूमि में पौधरोपण हेतु स्टेकिंग देकर गड्ढा खुदाई कर खाद डलवाने के निर्देश दिये गए। वहीं उक्त कार्य पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को प्रावधानित राशि भुगतान किये जाने कहा गया। इसके साथ ही इस योजना के अंतर्गत असिंचित पौधरोपण करने के लिए अभी से हितग्राहियों का चयन कर कार्ययोजना तैयार किये जाने के निर्देश दिये गए, जिससे आगामी वर्षाकाल के दौरान इन चयनित हितग्राहियों को तत्काल पौधरोपण किये जाने सहायता सुलभ कराया जा सके। कार्यशाला में डीएफओ श्री आरके जांगड़े सहित सभी एसडीओ फारेस्ट, रेंज आफिसर्स और रेंज असिस्टेंट तथा परिसर रक्षक मौजूद रहे।

