भिलाई पावर हाउस में शुक्रवार रात सड़क हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई। तीन नाबालिग दोस्त बाइक से इंस्टाग्राम के लिए वीडियो बनाने निकले थे। तभी अचानक उनकी बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और वो फ्लाई ओवर ब्रिज से नीचे जा गिरे।
सुपेला थाना क्षेत्र की घटना है। हादसे में 2 दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं, 1 दोस्त घायल हुआ है। घायल आदित्य ने बताया कि तीनों दोस्त एक बाइक में बैठकर पार्टी करने जा रहे थे। बाइक हर्ष चला रहा था। आदित्य रात में इंस्टा के लिए बाइक में बैठे-बैठे वीडियो बना रहा था।
दोनों का सिर फट गया था
गन्नू नाम के नाबालिग किशोर ने बताया कि गौतम नगर में रहने वाला जय बंसोड़ (17) और हर्ष मेश्राम (16) की ब्रिज से नीचे गिरने से मौत हुई है। तीसरा लड़का सुपेला खटाल बस्ती का रहने वाला आदित्य चौहान (16) घायल है। उसे उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
नीचे गिरने से हर्ष और जय का सिर फट गया, इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आदित्य उनके ऊपर गिरने से उसे गले में चोट आई। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। घटना स्थल पर खून के निशान थे। चप्पल और बाइक का सामान बिखरा पड़ा था।
पुलिस घायल और मृतकों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला लेकर गई थी। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों की चींख पुकार सुनाई देने लगी।
पिता के साथ शादी पार्टी से लौटा था जय
बेटे की मौत से मां का दिमागी संतुलन बिगड़ा
अस्पताल में कई घंटे तक जमीन में बैठी कशिश मेश्राम अपने बेटे हर्ष को बुलाती रही। वो कह रही थी कि उसका बेटा आएगा। वो पार्टी में गया है वो बुलाएगी तो वो आ जाएगा।
हर्ष की दादी गंगा बाई ने बताया कि हर्ष काफी हंसमुख था। वो अपनी मां के काफी करीब था। उसका एक बड़ा भाई प्रतीक और छोटी बहन मुस्कान है।
कई घंटे तक मां के रोने के बाद हर्ष के पिता प्रदीप मेश्राम और अन्य परिजनों ने मां कशिश को कहा कि हर्ष का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक घंटे में छुट्टी मिल जाएगी। इसके बाद वो अस्पताल से घर गई।
हर्ष, जय और आदित्य को सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने का इतना शौक था कि तीनों कभी घर से निकल जाते थे। बीते 16 अप्रैल को भी वो लोग पूरी रात टाउनशिप के अलग-अलग सेक्टर में घूम-घूमकर वीडियो बना रहे थे।
पुलिस ने उनके मोबाइल से वो विडियो लिया। पूछताछ में आदित्य ने बताया भी वो लोग 16 अप्रैल की रात सेक्टर 4, सेक्टर 6 व अन्य जगह वीडियो व रील्स बना रहे थे।
हादसे का पता लगाने में जुटी पुलिस
सुपेला पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आदित्य से पूछ रही है कि हादसा कैसे हुआ और वो लोग इतनी रात में कहा जा रहे थे। शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम होगा। उसके बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।



