चिलचिलाती गर्मी और धूप में किचन में बैठकर खाना बनाना इन दिनों घर घर में मुसीबत भरा काम बना हुआ है. रोटी बनाना हो या चावल दाल, किचन की गर्मी ने हर किसी का हाल बेहाल कर रखा है. ऐसे में हम सभी चाहते हैं कि कुछ ऐसा विकल्प मिल जाए जिसे खाकर परिवार का पेट भी भर जाए और भरपूर न्यूट्रिशन भी शरीर को मिले. ऐसे में आप सत्तू को डाइट में शामिल कर सकते हैं. यह एक ऐसा फूड है, जो गर्मी में शरीर को तुरंत ठंडक देता है और आप इसका सेवन कर दिनभर एनर्जी से भरपूर रहते हैं. यही नहीं, इसे अपने डाइट में कई तरह से शामिल किया जा सकता है. आप अगर किचन में घंटों खड़ा नहीं होना चाहते, तो आप सत्तू के खास रेसिपीज को बनाकर पेट भर सकते हैं और गर्मी में हेल्दी रह सकते हैं. चलिए हम बताते हैं कि आप सत्तू को बिना पकाए किस तरह से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं.
सत्तू का मीठा शरबत
अगर आप मीठा खाना पसंद करते हैं तो आप सत्तू का शरबत आसानी से बनाकर पी सकते हैं. इसे बनाने के लिए आपको थोड़ी भी मेहनत नहीं लगेगी और आप आसानी से दिनभर खुद को एनर्जी से भरपूर रख सकते हैं. इसे बनाने के लिए एक ग्लास पानी लें और इसमें दो से तीन चम्मच सत्तू पाउडर डाल लें. अब स्वादानुसार चीनी या गुड डालें और अच्छी तरह से मिला लें. आप चाहें तो इसमें नींबू भी निचोड़ सकते हैं. अब आप इसका आनंद उठाएं.

सत्तू का नमकीन शरबत
मीठे शरबत की तरह ही सत्तू का नमकीन शरबत भी स्वाद में काफी लजीज होता है. आप इसे भी बड़ी ही आसानी से बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए आप एक ग्लास पानी लें और इसमें दो से 4 चम्मच सत्तू मिलाएं. अब इसमें आप स्वादानुसार काला नमक, भूना जीरा पाउडर और नींबू गाड़ लें. अच्छी तरह से मिलाएं और पियें

सत्तू का नमकीन लड्डू
एक बड़े से कटोरे में एक कप सत्तू लें. अब इसमें महीन काटा प्याज, हरी मिर्च, काला नमक, सरसों का तेल मिलाएं. अब सब कुछ को आंटे की तरह गूंद लें. अब आप चाहें तो इसमें लहसुन या अचार का तेल भी डाल सकते हैं. अब इसका लड्डू बनाएं और सर्व करें.

सत्तू का मीठा लड्डू
एक बड़ा कटोरी लें और उसमें एक कप सत्तू लें. अब इसमें स्वाद के अनुसार चीनी या गुड का पाउडर मिलाएं और पानी की मदद से गूंथ लें. आप चाहें तो पानी की जगह ठंडे दूध का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. अब इसमें देसी घी डालें और लड्डू का आकार दे दें. अब इस स्वादिष्ट व्यंजन का मजा लें


