*हमें हमेशा ईमानदारी से कार्य करना चाहिए : नीलांबर सिन्हा*
*ज्ञानाश्रय नर्सरी स्कूल द्वारा नीलांबर सिन्हा का सम्मान*
रायपुर. ईमानदारी के लिए पहचाने जाने वाले यातायात विभाग के सिपाही नीलांबर सिन्हा का आज ज्ञानाश्रय नर्सरी स्कूल द्वारा सम्मान किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य वैभवी हिशीकर के उद्बोधन से हुआ. उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह हम ईमानदारी का पाठ लोगों के मुंह से सुनते हैं, आज हम उसे प्रत्यक्ष रूप से अपनी आंखों से देख पा रहे हैं. यह गर्व का विषय है कि ईमानदारी का पाठ हमें अपने रायपुर से पूरे देश में संदेश जा रहा है की एक सिपाही को इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद भी उसके मन में तनिक भी लालच नहीं आया.
यातायात सिपाही नीलांबर सिन्हा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे सम्मानित करने वाला यह पहला स्कूल हैं उन्होंने कहा कि हमें अपने लक्ष्य से भटके नहीं हमें हमेशा इमानदारी से अपना हर कार्य करना है चाहे वह पढ़ाई हो या अन्य काम. हमें हर कार्य अपनी समझदारी से पूर्ण करना है. उन्होंने छात्रों को प्रगति के लिए सच्चाई की राह पर चलने की सलाह दी. उन्होंने स्कूल द्वारा किए जा रहे इस तरह के कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा की.
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र अपने उद्देश्यों से भटके नहीं ईमानदारी पूर्वक उसका निर्वहन करते रहें तभी वह अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे.

स्कूल संचालक विजय हिशीकर, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के जिला संयोजक डॉ योगेश श्रीवास्तव. सचिव डॉ हर्षिता मेहता, चंद्र प्रकाश सोनी ने यातायात सिपाही का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया . इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक सुधांशु कुमार, माया शुक्ला, ममता यादव, मधु गुप्ता, पायल राठौर, दीक्षा जैन, पलक जैन एवं शाला के छात्र छात्राएं उपस्थित थे.

