वेट लाॅस के लिए हीरे से कम नहीं है जीरा, इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल
जीरा न सिर्फ वेट लॉस में मदद करता है, बल्कि इसके कई और फायदे भी हैं। तो बस हम बता रहे हैं इसे अपने आहार में शामिल करने के 5 आसान तरीके। तो इस बारे में अधिक जानने के लिए इन लेख को पढ़ें।
दाल-सब्जी के तड़के के लिए सबसे पहले इस्तेमाल किया जाने वाला जीरा देखने में भी भले ही छोटा सा लगे। पर इसके ये छोटे-छोटे दाने आपके स्वास्थ्य के लिए किसी हीरे से कम नहीं। असल में हम भोजन तैयार करने के लिए रोज जिन मसालों का प्रयोग करते हैं, वे सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाते, बल्कि उनका असल मकसद हमें स्वास्थ्य लाभ देना है। ऐसा ही खास मसाला है जीरा। दाल, सब्जी, रायते आदि में अपनी अनोखी खुशबू और फ्लेवर एड करने वाला जीरा असल में वेट लॉस में भी आपकी मदद कर सकता है।
1 तड़के के रूप में
पकाने से पहले सभी तड़के में बेस मसाले के रूप में जीरा डालें। बीज के रूप में डालने पर यह अधिक फायदा करता है। जीरा पाउडर भी लाभदायक होता है।
2 छाछ में जीरा पाउडर
जीरा को तवे पर भुनकर पाउडर बना लें। इस चूर्ण को छाछ में मिलाकर रोजाना पिएं। यह बेहतर हाइड्रेशन और पाचन सुनिश्चित करेगा।
3 सत्तू और दही बड़े में
सत्तू ड्रिंक और दहीबड़े में भुने जीरे का पाउडर डालने से न सिर्फ स्वाद बढ़ेगा, बल्कि गैस की समस्या भी नहीं रहेगी।
4 पानी में भिगोकर
एक टी स्पून जीरा को एक गिलास पानी में रात भर भिगो दें। इस पानी को सुबह खाली पेट पिएं। आयुर्वेद में पाचन को ठीक करने के लिए जीरा पानी का प्रयोग सबसे अधिक किया जाता है।
5 पुदीना और तुलसी के साथ
पुदीना और तुलसी की पत्तियों के साथ जीरा को उबाल लें। इसे अपनी बोतल में भर लें और दिन भर थोड़ा-थोड़ा पियें। वेट लॉस करने में और प्रसव बाद शरीर को तंदुरुस्त करने में यह बेहद उपयोगी है।

