मल्टीग्रेन आटे से बना चीला पोषक तत्वों से भरपूर होता है. वैसे तो हर उम्र के लोगों के लिए ये एक हेल्दी डिश है, लेकिन किशोर उम्र के बच्चे इसे खाकर खुद को फिट बनाए रख सकते हैं. टीनएजर हेल्दी फूड सीरीज में आज हम मल्टीग्रेन आटे का चीला बनाने की रेसिपी बताएंगे.
मल्टीग्रेन फ्लोर यानी कई अनाजों से मिलकर तैयार होने वाला आटा सेहत के लिए बेहद लाभकारी होता है. मल्टीग्रेन आटे से बना चीला भी काफी पौष्टिक होता है. स्वाद से भरपूर होने के साथ ही शरीर की कई बीमारियों से बचाव करने में मल्टीग्रेन चीला मदद कर सकता है. मल्टीग्रेन चीला फाइबर से भरपूर होता है जो कि डाइजेशन को दुरुस्त करने में मदद करता है. इसके साथ ही इसे खाने से दिनभर शरीर में एनर्जी बनी रहती है. किशोर उम्र के बच्चों के लिए मल्टीग्रेन चीला काफी लाभकारी हो सकता है.
मल्टीग्रेन चीला बनाना काफी आसान है और इसे ब्रेकफास्ट या दिन में हल्की भूख लगने पर भी बनाकर खाया जा सकता है. आप भी अगर अपनी हेल्थ को लेकर सतर्क हैं तो आज से ही मल्टीग्रेन आटे से बने चीले को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की सिंपल रेसिपी.
मल्टीग्रेन चीला बनाने के लिए सामग्री
ज्वार का आटा – 1/4 कप
गेहूं आटा – 1/4 कप
रागी – 1/4 कप
प्याज बारीक कटी – 1/4 कप
टमाटर बारीक कटे – 1/4 कप
धनिया कटा – 2 टेबलस्पून
हरी मिर्च पेस्ट – 1/4 टी स्पून
जीरा पाउडर – 1/2 टी स्पून
हल्दी – 1/4 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1/4 टी स्पून
तेल – जरुरत के मुताबिक
नमक – स्वादानुसार
मल्टीग्रेन चीला बनाने की विधि
मल्टीग्रेन चीला बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में ज्वार का आटा, गेहूं आटा और रागी आटा डालकर तीनों को अच्छी तरह से मिक्स करें. इसके बाद प्याज, टमाटर, हरी धनिया पत्ती के बारीक टुकड़े काट लें. एक-एक कर इन्हें मिक्स आटे में डालकर मिलाएं. अब मिश्रण में हरी मिर्च का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और हल्दी डालकर मिक्स करें. अब मिश्रण में सवा कप पानी डालकर घोलते हुए बैटर तैयार कर लें
अब एक नॉनस्टिक पैन/तवा मीडियम आंच पर गैस पर गर्म करें. जब तवा गर्म हो जाए तो उसमें थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला दें. इसके बाद बैटर में से एक कटोरी घोल लें और उसे तवे के बीच में डालकर कटोरी की मदद से गोल-गोल करते हुए फैला दें. कुछ देर तक चीला सेकने के बाद उसके चारों ओर थोड़ा-थोड़ा करते हुए तेल डालें और फिर पलटकर दूसरी तरफ सेकें.
अब चीले के दूसरी ओर भी थोड़ा सा तेल लगाएं और उसके सेकें. चीलें को दोनों ओर से तब तक सेंकना है जब तक कि उसका रंग गोल्डन ब्राउन न हो जाए. इसके बाद चीले को प्लेट में उतार लें. इसी तरह सारे घोल से मल्टीग्रेन चीले तैयार करें. स्वाद और पोषण से भरपूर मल्टीग्रेन चीलों को चटनी या सॉस के साथ सर्व करें

