दुर्ग जिले में एक स्ट्रीट डॉग को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। जहां हाउसिंग बोर्ड के 32 एकड़ इलाके में 8 अक्टूबर की रात एक युवक ने एक स्ट्रीट डॉग को लाठी से पीट दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।
मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। आरोपी विकास सिंह ने अपने इलाके में घूम रहे कुत्ते के लगातार भौंकने से नाराज होकर उसे बेरहमी से मारा था, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया था। इसी दौरान पड़ोस की महिला ने वीडियो बनाया, जिसके बाद विवाद और बढ़ा और वीडियो बनाने को लेकर 2 महिलाओं में भी बहस हुई।
मामला एनीमल वेलफेयर संस्था तक पहुंचा। जिसके बाद संस्था ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज किया है।
स्थानीय लोगों ने दी एनीमल वेलफेयर को जानकारी
जानकारी के मुताबिक, मामला बुधवार रात करीब 10.30 बजे का है। आरोपी विकास सिंह हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ की रहने वाला है। वीडियो सामने आने के बाद सोसाइटी के अन्य लोगों ने इसकी जानकारी एनीमल वेलफेयर संस्था के अध्यक्ष आदर्श राय को दी।
आदर्श राय ने बताया कि रात करीब 11 बजे उन्हें 32 एकड़ की निवासी प्रतिमा सिंह से फोन पर सूचना मिली कि इलाके में एक युवक ने स्ट्रीट डॉग की बुरी तरह पिटाई कर दी है और उसका वीडियो भी मौजूद है। इस पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल डॉग को इलाज के लिए पशु चिकित्सक के पास भेजवाया।
जामुल पुलिस ने दर्ज किया अपराध
इसके बाद आदर्श राय ने जामुल थाने में पहुंचकर आरोपी विकास सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला पंजीबद्ध करते हुए जांच शुरू कर दी।
जामुल पुलिस के अनुसार, आरोपी पर बीएनएस की धारा 325 (जानवर को चोट पहुंचाने और क्रूरता बरतने का अपराध) एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
संस्था ने कहा- कड़ी कार्रवाई हो
घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में आवारा कुत्ते रहते हैं, लेकिन वे किसी को नुकसान नहीं पहुंचाते। उनके साथ हिंसा अस्वीकार्य है।
वहीं, एनीमल वेलफेयर संस्था ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी पशु के साथ ऐसी घटना होने पर वे कठोर कानूनी कार्रवाई करेंगे। फिलहाल घायल डॉग का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है और वीडियो को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।


