रायपुर | 29 अप्रैल 2026
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 27 एवं 28 अप्रैल 2026 को रायपुर स्थित होटल आदित्य में कैस्केड प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण दो बैचों में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रथम बैच में कबीरधाम, बालोद एवं बेमेतरा जिलों से कुल 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि द्वितीय बैच में जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार एवं गरियाबंद जिलों से 24 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रयोगशाला सेवाओं के प्री-एग्जामिनेशन, एग्जामिनेशन एवं पोस्ट-एग्जामिनेशन चरणों में गुणवत्ता सुधार एवं क्षमता विकास सुनिश्चित करना था।
यह प्रशिक्षण FIND इंडिया स्वास्थ्य विभाग के प्रयास से सीमेंस हेलथिनियर के सौजन्य से आयोजित किया गया। सत्र के दौरान FIND से डॉ. नवनीत रंजन एवं अंजय गुप्ता तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर की एसएमई डॉ. नेहा सरजल और सीमेंस से मिस नेहा एवं टीम ने बतौर प्रशिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया।

कार्यक्रम में राज्य गुणवत्ता सलाहकार डॉ. विक्रम शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता मानकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को सीखी गई बातों को अपने-अपने संस्थानों में प्रभावी रूप से लागू करने हेतु प्रेरित किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने एवं जमीनी स्तर पर दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


