*मतदान की कार्यवाही सभी शंकाओं का भलीभांति करें समाधान*
*प्रशिक्षण में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने दिए निर्देश*
*कोण्डागांव, 28 मार्च 2024/* मतदान के दौरान सभी अधिकारी शांतचित्त से कार्य करें और किसी भी प्रकार की हड़बड़ी न दिखाएं, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। यह बातें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत ने मतदाता कार्मिकों की प्रशिक्षण के दौरान कही।
बुधवार को जिला मुख्यालय के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल जामकोटपारा में मतदान कार्मिकों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। इनमें 181 मतदान केन्द्रों के लिए 900 से अधिक मतदान कार्मिक शामिल हुए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष तथा गोपनीय हो। इसके लिए निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का पालन करना आवश्यक है। यहां गंभीरतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ ही अपनी शंकाओं का समाधान भी अवश्य करें। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग की निर्देशिका का अध्ययन भी करें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा संचालित यूट्यूब चैनल से भी मतदान संबंधी निर्देशों को समझें, जिससे त्रुटिरहित और निर्विवाद मतदान कराई जा सके। इस अवसर पर कलेक्टर ने टेंडर वोट, चैलेंज वोट, एएसडी वोट आदि की प्रक्रियाओं के संबंध में भी सवाल पुछे और कहा कि विशेष परिस्थितियों में डाले जाने वाले इन वोटों की प्रक्रियाओं को भी भलीभांति समझ लें, जिससे मतदान केन्द्र में किसी भी प्रकार की शंका के साथ इनकी प्रक्रियाओं को पूरा कर सकें।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि द्वितीय चरण के प्रशिक्षण उपरांत परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का भलीभांति पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की शिकायत पर निर्वाचन आयोग द्वारा कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। ईवीएम के संचालन का प्रशिक्षण दिया जायेगा, जिसे गंभीरता पूर्वक सीखें। मतदान हेतु ईवीएम की स्थापना एवं संचालन की विधि को भलीभांति समझें और बिना किसी त्रुटि के संचालन करें। ईवीएम की देखरेख में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें। मतदान की गोपनीयता को बनाएं रखें।
कलेक्टर ने कहा कि मतदान के दिन मतदान अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन हेतु कार्यवाहियों के लिए निर्देशिका प्राप्त हुई है। इस निर्देशिका का भली भांति अध्ययन करने के साथ ही इसका पालन सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचरण संहिता का पालन करते हुए अपना व्यवहार मर्यादित, संयमित और अनुशासित रखें।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर श्री अश्वन पुसाम सहित मास्टर ट्रेनर्स एवं मतदान अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

