Amitabh Bachchan Security Bulletproof Glass: अमिताभ बच्चन की सालों पुरानी संडे मीट परंपरा इस रविवार भी जारी रही। मुंबई स्थित उनके घर जलसा के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसक अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने पहुंचे। हालांकि, इस बार बिग बी का अंदाज बदला हुआ था। अभिनेता ने करीब 12 फीट ऊंचे बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से फैंस का अभिवादन किया।
हाल ही में मिली धमकी के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। इस दौरान बेटे अभिषेक बच्चन भी जलसा के बाहर मौजूद रहे और सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखते दिखाई दिए।
धमकी के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ाई गई
अमिताभ बच्चन को हाल ही में धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। रविवार को जलसा के बाहर भी इसका असर दिखाई दिया। अभिनेता ने अपनी नियमित मुलाकात जारी रखी, लेकिन इस बार फैंस के सामने आने के लिए बुलेटप्रूफ शीशे का सहारा लिया। दरअसल, मुंबई में मेयर कार्यालय को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर को ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसी ईमेल में दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट में सुसाइड अटैक की धमकी का भी जिक्र था।
टाइगर श्रॉफ के घर फायरिंग के बाद बढ़ी सतर्कता
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता के पीछे अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना को भी एक वजह बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग करने वाले हमलावरों ने अमिताभ बच्चन और सलमान खान के घरों की भी रेकी की थी। हालांकि, दोनों अभिनेताओं के घरों के बाहर कड़ी सुरक्षा होने के कारण हमलावर वहां गोलीबारी नहीं कर सके। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था तुलनात्मक रूप से कम थी। इसी का फायदा उठाकर हमलावरों ने फायरिंग की थी।
पिता की सरक्षा पर अभिषेक बच्चन की खास नजर
रविवार को अमिताभ बच्चन की फैंस से मुलाकात के दौरान अभिषेक बच्चन भी जलसा के बाहर मौजूद रहे। वह पिता की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखते दिखाई दिए। अभिषेक की मौजूदगी ने वहां मौजूद प्रशंसकों का ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर भी उनकी इस सतर्कता को लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
सालों से हर रविवार फैंस से मिलते हैं बिग बी
अमिताभ बच्चन और उनके प्रशंसकों के बीच रविवार की यह मुलाकात अब एक खास परंपरा बन चुकी है। हर हफ्ते देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग मुंबई स्थित जलसा पहुंचते हैं। कई प्रशंसक घंटों इंतजार करते हैं, ताकि उन्हें अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था सख्त होने के बावजूद अमिताभ बच्चन ने इस परंपरा को जारी रखा। फर्क सिर्फ इतना रहा कि इस बार उन्होंने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन किया।

