बीरगांव स्थित प्रखर पब्लिक स्कूल में रविवार को शिक्षिकाओं की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
सावन महोत्सव के अवसर पर शिक्षिकाओं ने हरे रंग की आकर्षक छत्तीसगढ़ी साड़ी और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा धारण कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधान और श्रृंगार ने पूरे आयोजन की सुंदरता को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं ने सावन गीत, छत्तीसगढ़ी गीत और लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत और लोक नृत्य से स्कूल परिसर का वातावरण पूरी तरह संगीतमय हो गया। शिक्षिकाओं ने अपनी प्रतिभा और उत्साह से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

सावन महोत्सव में संगीत अंताक्षरी सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान हंसी-मजाक और मनोरंजन का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की बगिया भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का सभी ने आनंद लिया और आयोजन का भरपूर लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर प्राचार्या सरिता साहू ने सावन की सांस्कृतिक विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी प्रेम, उत्साह और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से हमारी पारंपरिक संस्कृति और लोक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।

प्रखर पब्लिक स्कूल में आयोजित यह सावन महोत्सव मनोरंजन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का सुंदर प्रयास रहा।


