G Politics: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर मचाए जा रहे शोर का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि खड़गे जी ने आखिर गलत क्या कहा है? उन्होंने किसी के व्यक्तिगत पिता पर कोई टिप्पणी नहीं की, बल्कि एक आम कहावत या लोकोक्ति का
CG Politics: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर मचाए जा रहे शोर का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि खड़गे जी ने आखिर गलत क्या कहा है? उन्होंने किसी के व्यक्तिगत पिता पर कोई टिप्पणी नहीं की, बल्कि एक आम कहावत या लोकोक्ति का उपयोग किया था।
बैज ने दो टूक कहा कि असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वोट चोरी, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर विषयों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को देश की जनता को जवाब देना ही होगा।
स्मृति ईरानी के दौरे पर कसा तंज- ‘कार्यकर्ताओं से क्यों कर रहे परहेज’
दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ दौरे पर आईं भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भाजपा कार्यालय में बैठकें ले रही हैं, लेकिन पार्टी के भीतर से ही कार्यकर्ताओं को दूर रखने के फरमान जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस कार्यकर्ता के दम पर पार्टी सत्ता में आई है, आज उन्हीं से परहेज क्यों किया जा रहा है? किसी भी राजनीतिक दल के दफ्तर में पहला हक कार्यकर्ता का होता है। विपक्ष में रहते हुए कार्यकर्ताओं को ‘देवतुल्य’ बताने वाले आज सत्ता में आने के बाद उन्हें पार्टी कार्यालय में आने से रोक रहे हैं। साथ ही यह भी चर्चा है कि इस दौरे के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली है।
बढ़ती महंगाई पर घेरा- ‘स्मृति जी अब अपने वादे निभाएं’
महंगाई के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि चावल, दाल, शक्कर, खाद्य तेल, गैस सिलेंडर, राशन सामग्री, कपड़े, साबुन और दवाइयों के दाम बेतहाशा बढ़ चुके हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कभी गैस सिलेंडर और महंगाई के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करने वालीं स्मृति ईरानी आज छत्तीसगढ़ आई हैं, तो उन्हें जनता को जवाब देना चाहिए। शक्कर के दाम और सस्ते सिलेंडर के पुराने वादों को याद दिलाते हुए बैज ने कहा कि जनता आज भी राहत की उम्मीद में खड़ी है और ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए वादों को पूरा करने का समय आ गया है।
महतारी वंदन और 500 रुपये के गैस सिलेंडर पर मांगा जवाब
कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मांग की कि छत्तीसगढ़ दौरे पर आईं केंद्रीय नेत्री स्मृति ईरानी राज्य की विष्णुदेव साय सरकार से आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर सवाल करें। उन्होंने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ के तहत महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने, पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने और बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक विवाहित महिला को ‘महतारी वंदन योजना’ का लाभ दिलाने का वादा किया गया था। छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है कि सरकार इन वादों को जमीन पर कब तक पूरी तरह लागू करेगी।
महिलाओं के बढ़ते अपराध पर साय सरकार को घेरा
दीपक बैज ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी राज्य सरकार और स्मृति ईरानी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रहीं स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ में महिलाओं की असुरक्षा पर भी साय सरकार से जवाब लेना चाहिए। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार भयमुक्त वातावरण देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए सरकार ठोस कदम उठाए।

