गर्मी में तरबूज और स्वीट कॉर्न से बना सलाद खाना बेहद फायदेमंद होता है. तरबूज शरीर में होने वाली पानी की कमी को पूरा करता है. तरबूज कॉर्न सलाद काफी टेस्टी भी होता है और इसे बनाना काफी सरल है. आइए जानते हैं इसकी रेसिपी.
गर्मी के मौसम में तरबूज खाना तो सभी पसंद करते हैं. इस सीजन में तरबूज से बना सलाद भी काफी पसंद किया जाता है. तरबूज और कॉर्न के साथ तैयार किया जाने वाला सलाद न सिर्फ टेस्टी होता है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी लाभकारी होता है. पोषक तत्वों से भरपूर तरबूज-कॉर्न का सलाद गर्मी के सीजन में पेट में ठंडक बनाए रखता है. इसे नियमित खाने से पेट की गर्मी नहीं बढ़ती है. इसके साथ ही तरबूज में 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी होता है जो कि तेज गर्मी और लू के बीच भी शरीर को डिहाइड्रेट नहीं होने देता है.
तरबूज-कॉर्न का सलाद बनाना काफी आसान है और ये मिनटों में बनकर तैयार हो जाता है. इस सलाद को हर उम्र के लोग खा सकते हैं और ये सभी की सेहत को दुरुस्त रखने में मदद करता है. लंच या डिनर के साथ भी तरबूज-कॉर्न सलाद को परोसा जा सकता है. आइए जानते हैं तरबूज-कॉर्न सलाद बनाने की आसान विधि
तरबूज-कॉर्न सलाद बनाने के लिए सामग्री
तरबूज के टुकड़े – 2 कप
स्वीट कॉर्न – 1 कप
पुदीना पत्ते कटे – 1/4 कप
तुलसी पत्ते कटे – 1 टेबलस्पून
नींबू रस – 1 टेबलस्पून
जैतून तेल – 1 टेबलस्पून
शहद – 1 टी स्पूनतरबूज-कॉर्न सलाद बनाने की विधि
तरबूज-कॉर्न सलाद बनाने के लिए सबसे पहले तरबूज को काटें और उसके ऊपर की मोटी हरी परत अलग कर दें. इसके बाद तरबूज के टुकड़े काट लें और बीज निकाल लें. अब तरबूज के टुकड़े एक बड़े बर्तन में रख दें. इसके बाद स्वीट कॉर्न को प्रेशर कुकर में डालें और उसमें आधा कप पानी डालकर ढक्कन लगाकर पकाएं. 1 सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर रिलीज होने दें. कुकर का प्रेशर रिलीज हो जाए तो स्वीट कॉर्न को एक बाउल में निकालकर ठंडे होने के लिए रख दें.
अब तरबूज के बर्तन में स्वीट कॉर्न को डालें और अच्छे से मिक्स कर कुछ देर तक फ्रिज में रख दें. इस दौरान तुलसी पत्ते, पुदीना पत्ते बारीक-बारीक काट लें. इसके बाद मिक्सर ग्राइंडर में तुलसी, पुदीना पत्ते, काली मिर्च पाउडर, ऑलिव ऑयल, नींबू रस और थोड़ा सा नमक डालकर ग्राइंड करें और पेस्ट तैयार कर लें. तैयार पेस्ट को एक बाउल में निकाल लें.
इसके बाद फ्रिज से तरबूज-कॉर्न के मिश्रण को निकालें और उसमें तैयार किया गया पेस्ट डालकर अच्छी तरह से मिला लें. टेस्टी और हेल्दी तरबूज-कॉर्न का सलाद बनकर तैयार है. इसे लंच या डिनर के साथ सर्व किया जा सकता है.

