गर्मियों में बढ़ जाता है ब्लड शुगर लेवल? आखिर क्या है हकीकत, 5 आसान तरीकों से डायबिटीज करें कंट्रोल
डायबिटीज के मरीजों को गर्मियों के मौसम में ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है. इस मौसम में शुगर के मरीजों को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि शुगर लेवल में अत्यधिक उतार-चढ़ाव न आए. आज आपको ब्लड शुगर और मौसम के कनेक्शन के बारे में बताएंगे.
पूरे उत्तर भारत में इस वक्त गर्मी का कहर जारी है. कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी कर दिया गया है. लगातार गर्मी बढ़ने से लोग परेशान हो रहे हैं. खासतौर से जो लोग डायबिटीज की परेशानी से जूझ रहे हैं, उन्हें गर्मी में ब्लड शुगर बढ़ने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है. गर्मियों के मौसम में शुगर को कंट्रोल करने के लिए खास ख्याल रखने की जरूरत होती है. अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर गर्मी और ब्लड शुगर का क्या कनेक्शन है. आज आपको बताएंगे कि गर्मी का मौसम किस तरह डायबिटीज के मरीजों के ब्लड शुगर को बढ़ा सकता है.
क्लीवलैंड क्लीनिक की रिपोर्ट के मुताबिक गर्मियों के मौसम में ज्यादा तापमान ब्लड शुगर लेवल को प्रभावित कर सकता है.शुगर लेवल इस बात पर भी डिपेंड करता है कि आप क्या खा रहे हैं, आपका हाइड्रेशन कैसा है और आपकी फिजिकल एक्टिविटी का लेवल क्या है. अगर गर्मी में आपको ज्यादा पसीना आ रहा है, तो आप डिहाइड्रेटेड हो सकते हैं, जिससे ब्लड ग्लूकोस तेजी से बढ़ जाएगा. ऐसी कंडीशन में आपको बार-बार टॉयलेट जाने की जरूरत पड़ेगी. इससे आपकी कंडीशन और ज्यादा खराब हो सकती है. ऐसे में जरूरी है कि डायबिटीज के मरीज खूब पानी पिएं और हाइड्रेटेड रहें.
गर्मियों में 5 टिप्स से डायबिटीज रखें कंट्रोल
– खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए खूब पानी पिएं. इससे आपको ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद मिलेगी.
– आप अपने डॉक्टर से इंसुलिन के डोज को लेकर कंसल्ट कर सकते हैं. गर्मियों के मौसम में आपको ज्यादा या कम डोज लेने की जरूरत हो सकती है.
– गर्मियों में ब्लड शुगर लेवल में तेजी से उतार चढ़ाव हो सकता है. ऐसे में आप बार-बार इसे मॉनिटर करते रहें. इससे आप समय पर जरूरी कदम उठा सकेंगे.
– गर्मियों के मौसम में आप ट्रैवल करते वक्त अपनी दवाइयां हमेशा साथ रखें. डायबिटीज के मरीज गर्मियों में समय पर अपनी दवाएं जरूर लें.
– गर्मियों के मौसम में अभी डायबिटीज के मरीजों को फिजिकल एक्टिविटी करनी चाहिए. हालांकि अधिक तापमान में बाहर निकलने से बचना चाहिए.

