कोण्डागांव / सर्वसुविधायुक्त ऑपरेशन थियेटर में सफल ऑपरेशन के बहुत से किस्से सुने होंगे, किन्तु किसान के घर में द्वार पहुंच शल्य क्रिया की सफल कहानी कम ही सुनने को मिलती है। जिला कोण्डागांव के विकासखंड कोण्डागांव अंतर्गत सुदूर दुर्गम ग्राम बयानार में गत 8 फरवरी 2023 को किसान श्री बुधमन बघेल के यहां देशी गाय ने जब बच्चा जनना शुरू किया तो किसान बहुत खुश हो गया किंतु जब बीतते समय के साथ पानी की थैली फूटने के बाद भी बच्चा बाहर नहीं आया तब किसान चिंतित होने लगा एवं नजदीकी पशु औषधालय बयानार के प्रभारी श्री मिथलेश नेताम को सूचना दी गई, सहायक पशुचिकित्स क्षेत्र अधिकारी द्वारा प्रयास के बाद भी जब बच्चा बाहर नहीं आ पाया तब उनके द्वारा डॉक्टर नीता मिश्रा प्रभारी पशुचिकित्सालय कोण्डागांव को दूरभाष में सूचित किया गया एवं उनके द्वारा प्रारंभिक पूछताछ से ज्ञात हुआ कि बच्चा उल्टा है जिसे वैज्ञानिक भाषा में ब्रिच प्रेजेंटेशन कहा जाता है। इस स्थिति में गाय के जनन मार्ग में सिर्फ पूछ दिखाई देता है। इस सूचना पर कार्यवाही करते हुए आपातकालीन सिजेरियन ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया एवं पशुचिकित्सालय कोण्डागांव में पदस्थ डॉक्टर ढालेश्वरी के नेतृत्व में ऑपरेशन की तैयारी कर तत्काल टीम बयानार के लिए रवाना हुई जहां उक्त किसान की बाड़ी में सीमित साधनों में शल्य क्रिया प्रारंभ की गई एवं रात 8 बजे मृत बछड़े को बाहर निकाल कर गाय की जान बचाई गई। वर्तमान में गाय स्वस्थ है एवं चारा खा रही है। महिला पशुचिकत्सकों द्वारा विषम परिस्थितियों में की गई उक्त सफल शल्य क्रिया हेतु डॉक्टर शिशिरकांत पांडेय उपसंचालक पशुचिकित्सा सेवाएं और श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा पूरी टीम की प्रशंसा की गई। उक्त ऑपरेशन में विभाग के मैदानी कर्मचारी श्री अश्विन नेताम, श्री सुरेश नेताम सहित अन्य ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।

