Drug Smuggling Racket Exposed: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के युवकों का ड्रग्स तस्करी का बड़ा नेटवर्क महाराष्ट्र में पकड़ा गया है। गढ़चिरौली पुलिस ने 31 अक्टूबर को पोमके गट्टा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 8 तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 240.580 किलो नशीले पदार्थ बरामद किए गए, जिनकी बाजार कीमत 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार रुपये बताई जा रही है। वाहनों और मोबाइल समेत कुल 1 करोड़ 46 लाख 10 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
गढ़चिरौली पुलिस ने पेंड्री (कैंप करवाफा) उप मंडल अंतर्गत पोमके गट्टा में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो को रोका गया।
वाहन में सवार चालक अनीश कुमार पोंडी (देवी चौक, पटनमपारा, सुकमा), हिमांशु नायक (सुकमा) और परमब परिमलदास (बागीचापारा, सुकमा) ने पुलिस को नाम-पता पूछने पर झूठे और भ्रामक उत्तर दिए। पहचान पत्र जांचने पर झूठ पकड़ा गया। गहन पूछताछ में तीनों ने कबूल किया कि वे अवैध मादक पदार्थों के परिवहन के लिए पायलट का काम कर रहे थे।
दूसरे वाहन में मिला ड्रग्स
उन्होंने बताया कि उनके पीछे पिकअप वाहन में ड्रग्स लेकर तीन साथी – शंकर कोसा माडवी (पुसामीपारा, सुकमा), भूपेश धनसुराम कोमरे (बोलको, सुकमा), सुनील रामनाथ मंडावी (सुदीपारा, सुकमा) आ रहे हैं। वहीं कुछ दूरी पर एक नीली चार पहिया गाड़ी में ड्रग्स खरीदने के लिए तीन अन्य साथी अमोल बलिराम दोरगे और विशाल गोवर्धन दोरगे (दोनों निवासी परोदी-बोरोदी, तहसील आष्टी, जिला बीड, महाराष्ट्र) इंतजार कर रहे हैं।
12 पैकेट ड्रग्स, 3 गाड़ियां जब्त
पोमके गट्टा पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने तीनों वाहनों को घेरकर 8 आरोपियों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से नशीले पदार्थों के 12 पैकेट बरामद हुए।
जब्ती का ब्यौरा:
- नशीला पदार्थ: 240.580 किलो, कीमत 1,20,29,000 रुपये
- स्कॉर्पियो वाहन: 10 लाख रुपये
- पिकअप वाहन: 8 लाख रुपये
- मोबाइल फोन: 8,100 रुपये
- कुल जब्ती: 1,46,10,000 रुपये
सभी 8 आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें 3 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच एसजीएस के एसएसपी कपिल अगालाचे कर रहे हैं।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. गढ़चिरौली में कितने तस्कर पकड़े गए और कहां के हैं?
A. गढ़चिरौली पुलिस ने 8 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें 5 सुकमा (छत्तीसगढ़) के हैं – अनीश पोंडी, हिमांशु नायक, परमब परिमलदास, शंकर माडवी, भूपेश कोमरे, सुनील मंडावी और 2 बीड (महाराष्ट्र) के अमोल दोरगे और विशाल दोरगे हैं।
Q2. कितना ड्रग्स और कितने का माल जब्त हुआ?
A. पुलिस ने 12 पैकेट में 240.580 किलो नशीला पदार्थ जब्त किया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार है। स्कॉर्पियो, पिकअप और मोबाइल समेत कुल 1 करोड़ 46 लाख 10 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
Q3. तस्कर कैसे पकड़े गए?
A. 31 अक्टूबर को पोमके गट्टा में नाकाबंदी के दौरान स्कॉर्पियो में बैठे तीन युवकों ने झूठे जवाब दिए। पूछताछ में उन्होंने पायलट होने की बात कबूली, जिसके बाद पीछे आ रहे पिकअप और खरीदारों की नीली गाड़ी को भी पुलिस ने पकड़ लिया।

