अकलतरा – ग्राम बनाहिल में पीने के पानी की समस्या
दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है। गांव के कई मोहल्लों में लोगों को रोजाना पानी के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा है, जिम्मेदार अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि समस्या के स्थायी समाधान के बजाय केवल कागजी औपचारिकताएं पूरी कर अपने कर्तव्य को पूर्ण मान रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर कई बार शिकायत एवं आवेदन दिए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। कागजों में योजनाओं और सुधार के दावे जरूर किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। कई स्थानों पर पानी का स्तर इतना नीचे चला गया है कि लोगों को दूर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्राम के कई मोहल्लों में सुबह होते ही महिलाओं और बच्चों की कतार पानी के स्रोतों के पास लग जाती है। कई बार एक एक बाल्टी पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। गर्मी के मौसम कीशुरुआत के साथ ही समस्या और बढ़ने लगी है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए कई योजनाओं का नाम लिया जाता है, लेकिन उनका लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जाती हैं, जिनका उद्देश्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। किंतु यह ग्राम इन सुविधाओं से वंचित है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत एवं संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कई बार पाइपलाइन, टंकी निर्माण या नई व्यवस्था शुरू करने की बात कहकर आश्वासन दे देते हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि जल्द ही पेयजलसमस्या का समाधान नहीं हुआ तो गांव के लोगों को मजबूर होकर संघर्ष करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत बनाहिल की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, खराब पाइपलाइनों की मरम्मत कराई जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक गांव के लोगों को पीने के पानी के संकट से राहत मिल पाती है।

