इजरायल और ईरान के बीच 12 दिन से चली आ रही जंग आखिरकार अब थम चुकी है. इसे लेकर शुरुआती कन्फ्यूजन के बाद ईरान के सरकारी टेलीविजन ने सीजफायर लागू होने का ऐलान कर दिया है. ईरानी सरकारी टेलीविजन ने मंगलवार को बताया कि इजरायल के साथ युद्ध में संघर्ष विराम शुरू हो गया है, जबकि इजरायल ने भी अब हमले को लेकर जारी अलर्ट हटा लिया है और लोगों को बंकर से बाहर आने की इजाजत मिल गई है..
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के बाद दोनों देश सीजफायर के लिए राजी हो गए. लेकिन संघर्षविराम लागू के बाद भी ईरान की तरफ से इजरायल पर बमबारी के चलते इसे लेकर शंका की स्थिति बन गई थी. इजरायली डिफेंस फोर्स ने बताया कि एक घंटे के भीतर तीन बार ईरान ने मिसाइल अटैक किए हैं और इसमें छह नागरिकों की मौत भी हो गई है. इजरायल में हमले को लेकर तेल अवीव में सायरन बजे और लोग सेफहाउस में शिफ्ट हो गए थे.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ताजा हमलों को लेकर कहा है कि हमारी ताकतवर मिलिट्री फोर्स आखिरी मिनट तक इजरायल को उसके हमलों के लिए सजा देगी. उन्होंने कहा, ‘सभी ईरानियों के साथ, मैं अपने जांबाज सशस्त्र बलों का आभार जताता हूं जो अपने खून की आखिरी बूंद तक देश की रक्षा के लिए तैयार रहते हैं और जिन्होंने दुश्मन के किसी भी हमले का आखिरी क्षण तक जवाब दिया. लेकिन सीजफायर के आखिरी वक्त में हमले करके ईरान क्या साबित करना चाहता है और क्या इससे जंग एक बार फिर भड़क सकती है?
दरअसल, इजरायल के खिलाफ 13 जून को शुरू हुई इस जंग में ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. उसके तीन प्रमुख परमाणु ठिकाने फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर अमेरिका ने बंकर बस्टर बमों से हमला किया है. इजरायली हमले में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के चीफ हुसैन सलामी समेत कई टॉप सैन्य कमांडर्स और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए हैं. इसके अलावा ईरान में करीब एक हजार लोगों की मौत हुई है. इस जंग में ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है.
ईरान को नहीं मिली कोई मदद
सीजफायर लागू होने के बाद ईरान के हमले बताते हैं कि वह आखिरी दम तक जंग लड़ने की ताकत को दिखाना चाहता है. साथ ही ताजा हमले अमेरिका को भी एक मैसेज हैं कि ईरान किसी के दबाव में सीजफायर को स्वीकार नहीं करेगा, वह भी तब जब उसे किसी तीसरी देश की तरफ से थोपा जाएगा.
क्या आतंरिक दबाव है वजह?
इसके अलावा ईरान पर बहुत ज्यादा आंतरिक दबाव है, क्योंकि उसके सैकड़ों नागरिकों की मौत हो चुकी है, यहां तक कि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई को भी इजरायल निशाना बनाना चाहता था. लेकिन आखिरी वक्त में ट्रंप की दखल के बाद उनकी हत्या का प्लान कैंसिल किया गया. इसके अलावा ईरान के कट्टरपंथी गुटों का दबाव था कि जंग में वह इजरायल और अमेरिका के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए और जवाबी कार्रवाई करे.



