मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के थांदला-मेघनगर के बीच संजेली रेलवे फाटक के पास भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। बुधवार रात लगभग 2 बजे निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के पास मोड़ पर ट्राला कार के ऊपर पलट गया, जिससे उसमें सवार 9 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और 2 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक हादसे के शिकार दो परिवार के लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। इसमें 4 बच्चे, 3 महिलाएं और दो पुरुषों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला और एक बच्ची घायल हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हादसे का शिकार हुए 8 लोग शिवगढ़ महुड़ा तहसील मेघनगर जिला झाबुआ के बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही थांदला और मेघनगर की पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची व घायलों सिविल अस्पताल थांदल व मेघनगर अस्पताल पहुंचाया।
पायल सोमला परमार 19 वर्ष देवीगढ़ और आशु पिता रामचंद्र बमनिया 5 वर्ष घायल हो गए। सावली का शव मेघनगर शासकीय अस्पताल पहुंचा जबकि अन्य के शव थांदल सिविल हॉस्पिटल लाए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। ट्राले का ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया।



