अतुल श्रीवास्तव, मुंगेली:- मुंगेली नगर पालिका में अध्यक्ष पद की कुर्सी खाली होते ही अध्यक्ष बनने की कयास में कई बार के पार्षद रहे उम्मीदवार भी इस पद के लिए दावेदारी पेश कर रहे थे लेकिन मामला तब शांत हुआ जब कल दिनाँक 6 दिसम्बर को राज्य शासन के द्वारा पिछले 20 सालों से राजनीतिक जीवन से जुड़े व कांग्रेस में प्रदेश सचिव का दायित्व के साथ अम्बेडकर वार्ड के पार्षद हेमेंद्र गोस्वामी को अध्यक्ष पद के लिए नामित कर दिया गया। आपको बता दें नाली घोटाले मामले में भाजपा से मनोनीत अध्यक्ष संतु लाल सोनकर को राज्य शासन द्वारा पिछले दिनों पदच्युत कर दिया गया था इसका कारण पिछला अध्यक्ष जो नाली घोटाला में संलिप्त था जमानत याचिका खारिज होने के बाद जेल भेज दिया है जिस वजह से नगर पालिका परिषद की कुर्सी खाली हो गई थी जिसके कारण नगर पालिका का हर काम ठप्प पड़ गया था, जिसको ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री ने एक्शन लेते हुए कांग्रेस के पार्षद हेमेंद्र गोस्वामी को कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में मनोनीत कर पद भार ग्रहण कराया।

पद भार ग्रहण कार्यक्रम सुबह 10 से चालू हो गया था। पद भार का कार्यक्रम नगर पालिका परिषद में ही पार्षदों, नगर पालिका के कर्मचारी, गण मान्य नागरिक एवं मीडिया साथियों के बीच सम्पन्न हुआ। पद भार ग्रहण उपरांत नगर में नगर पालिका से जुलूस निकालकर पुराना बस स्टैंड स्थित सामुदायिक भवन तक गाजे बाजे के साथ निकाला गया।जिसमें कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। सामुदायिक भवन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष के साथ कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों ने भी उद्बोधन दिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी ने अपने उद्बोधन में मुंगेली को विकसित जिला के रूप में पहचान दिलाने की बात कही। पद भार कार्यक्रम में नगर पालिका पार्षदों के साथ, नगर पालिका के कर्मचारी, कांग्रेसी कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक व मीडिया साथी के साथ काफी संख्या में भीड़ उपस्थित रहा।

