सरकारी अस्पतालों में बढ़ रहा भरोसा, पार्षद बेदराम साहू ने कराया पत्नी का सुरक्षित प्रसव
बीरगांव। सरकारी अस्पतालों को लेकर बनी गलत धारणाओं को तोड़ते हुए बीरगांव नगर निगम वार्ड-05 के पार्षद बेदराम साहू ने अपनी पत्नी का सुरक्षित प्रसव शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उरला में कराया। 15 मार्च 2025 को पार्षद की पत्नी ने एक सुंदर बिटिया को जन्म दिया, और माँ-बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।
सरकारी अस्पतालों पर बढ़ा विश्वास
पार्षद बेदराम साहू ने बताया कि उनकी पत्नी का पिछले 9 महीनों से उरला स्वास्थ्य केंद्र में ANC जांच व इलाज चल रहा था। उनकी पत्नी को सीकलिंग ट्रेट की समस्या थी और उन्होंने 9 साल बाद हाई रिस्क प्रेग्नेंसी कंसीव किया था।
हालांकि, सोनोग्राफी मशीन की अनुपलब्धता के कारण जांच बाहर से करानी पड़ी, जिसमें बच्चे के नाल में फंसे होने के कारण सामान्य प्रसव मुश्किल बताया गया था। लेकिन उरला स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टरों और नर्सों ने सही समय पर जांच कर, उचित देखभाल के साथ सफलतापूर्वक सामान्य प्रसव कराया।
सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना
पार्षद ने स्वास्थ्य केंद्र की पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में अच्छी सुविधाएं हैं और लोगों को निजी अस्पतालों की ओर भागने के बजाय सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा करना चाहिए।
सोनोग्राफी मशीन की मांग
पार्षद साहू ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से उरला स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि गर्भवती महिलाओं को बाहर जांच कराने की परेशानी से बचाया जा सके।
नगरवासियों से अपील
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार का इलाज सरकारी अस्पतालों में कराएं, जहां उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क और सुरक्षित मिलती हैं।


