रायपुर ज्ञानाश्रय नर्सरी स्कूल एवं ग्रीन आर्मी के सहयोग से आज ग्रीन डे मनाया गया. शाला के प्राचार्य वैभवी हिशीकर ने छात्रों को पर्यावरण का महत्व बताते हुए वृहद पैमाने पर पौधे लगाने की बात कही. पेड़ हमारे जीवन का अंग है इससे हमें ऑक्सीजन एवं विभिन्न प्रकार के फल फूल मिलते हैं. यह हमें विभिन्न बीमारियों से दूर रखते हैं साथ ही हमारे द्वारा छोड़े गए कार्बन डाइऑक्साइड को वह स्वयं ग्रहण करते हैं. वृक्षों की गाथा तो हमारे वेदो एवं पुराणों में भी कही गई है.
ग्रीन आर्मी ब्लू विंग की एवं समता जोन महिला समिति की अध्यक्षा उमा गुप्ता ने वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा पेड़ हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है. उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह जीवन में हमारे लिए एक मित्र आवश्यक है उसी तरह हमारे जीवन में पेड़ का होना बहुत जरूरी है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया.
स्कूल के संचालक विजय हिशीकर ने छात्रों को बताया कि पेड़ लगाना अपने जीवन के लिए वन टाइम इन्वेस्टमेंट है. इसे बार-बार रिचार्ज नहीं करना पड़ता, यह हमारे लिए जीवन भर काम आता है. सांस हो रही है कम, आओ पेड़ लगाएं हम ll
हम सब ने यह ठाना है, छत्तीसगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाना है ll
शाला परिवार एवं ग्रीन आर्मी के सहयोग से इस अवसर पर नागरिकों को पौधा वितरण किया गया.
इस अवसर पर शाला के शिक्षक गण सुधांशु कुमार, मधु गुप्ता, माया शुक्ला, ममता यादव, पायल राठौर, वी जी लक्ष्मी एवं ग्रीन आर्मी के समता अध्यक्ष विनीत शर्मा उपस्थित थे.