ओडिशा के बालासोर स्थित फकीर मोहन ऑटोनॉमस कॉलेज की छात्रा की मौत पर देशभर में रोष है. 20 साल की छात्रा ने कॉलेज एचओडी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. मामले में एक्शन नहीं होने पर छात्रा ने आत्मदाह कर लिया था. अब इस मामले पर ओडिशा विधानसभा के बाहर जमकर प्रदर्शन हो रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, बीजू जनता दल (बीजेडी) कार्यकर्ताओं की अगुवाई में सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक बालासोर बंद का आह्वान किया गया है. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाए और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और शिक्षा मंत्री सूर्यबंशी सूरज के इस्तीफे की मांग की.
क्या है मामला?
छात्रा ने अपने कॉलेज के एचओडी द्वारा कथित तौर पर लंबे समय तक यौन उत्पीड़न का सामना करने के बाद खुद को आग लगा ली थी. कॉलेज प्रशासन के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराने और प्रिंसिपल से मदद मांगने के बावजूद, उसकी गुहार अनसुनी कर दी गई थी, जिससे निराश होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया था.



