इस योजना के तहत प्रदेश के 169 शहरों में 188 मेडिकल स्टोर खोले जाएंगे. इसके अलावा इन दुकानों से दवा के अधिकतम खुदरा बिक्री मूल्य (एमआरपी) में 50 प्रतिशत से अधिक की छूट दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार सस्ती जेनरिक दवाएं देने के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है. श्री धनवंतरी दवा योजना के नाम से प्रस्तावित इस योजना के तहत प्रदेश के 169 शहरों में 188 मेडिकल स्टोर खोले जाएंगे. इसके अलावा इन दुकानों से दवा के अधिकतम खुदरा बिक्री मूल्य (एमआरपी) में 50 प्रतिशत से अधिक की छूट दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 20 अक्टूबर को औपचारिक रूप से इस महत्वकांक्षी योजना का शुभारंभ करने जा रहे हैं। इस योजना का शुभारंभ 85 श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स के साथ किया जाएगा। बाकी दुकानें भी अक्टूबर के अंत तक खोली जानी हैं। योजना के आगामी चरण में इन दुकानों से दवाओं की होम डिलीवरी की भी व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, अब सभी को सस्ती दवाएं मिलेंगी. इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयास किया जाएगा। इससे प्रदेश की जनता पर दवाओं पर आर्थिक खर्च का बोझ कम होगा। इस योजना के माध्यम से “हम सब्बो स्वस्थ-जम्मो सुग्घर की विजन को साकार करने के लिए सफलता प्राप्त करेंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग इस योजना को संचालित करने जा रहा है। वहीं विभाग पूर्व से ही मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना चला रहा है।
इन दुकानों पर मिलेंगी यह सामग्री भी..

अधिकारियों ने बताया कि इन दुकानों में 251 दवाएं, 27 सर्जिकल सामग्रियां एवं विभिन्न प्रकार के औषधि दवा एवं सामग्रियां भी उपलब्ध होंगे। इन दुकानों में लघु वनोपज संघ द्वारा निर्मित गुणवत्तापूर्ण हर्बल उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। इन दुकानों में देश की नामी कंपनियों की जेनेरिक दवाओं की बिक्री होगी। वहीं इन दुकानों में आम बीमारियों के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की दवाएं, एंटीबायोटिक, सर्जिकल आइटम के साथ ही खांसी, बुखार, रक्तचाप जैसी सामान्य स्थिति के बीमारियों के लिए भी उपलब्ध दवाएं सस्ते दर पर उपलब्ध होगी।
सस्ती दर पर दी गई है दुकानें.
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के मुताबिक़ इन दुकानों पर सस्ती दवा देने के लिए सरकार द्वारा एक नया मॉडल बनाया गया है. जिसके अंतर्गत श्री धन्वंतरी जनरल मेडिकल स्टोर के संचालकों को 2 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से किराए पर दुकानें नगर पालिका निगमों के द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा हैं. अन्य योजनाओं में भी इन मेडिकल स्टोरों से दवा खरीदने का आश्वासन दिया गया है। योजना की जिम्मेदारी जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित यूपीएसएस को दी गई है।
केंद्र सरकार द्वारा पहले से ही संचालित किया जा रहा है जन औषधि केंद्र.
केंद्र सरकार की एक योजना के तहत जन औषधि केंद्र पूर्व में संचालित हो रहा था। जन औषधि केंद्र काफी हद तक सरकारी अस्पतालों के आसपास हैं। वहीं केंद्र सरकार की योजना के तहत संचालित इन जन औषधि केंद्रों की स्थिति खराब है।

