*बोरगांव में पशुपालन विभाग द्वारा देवभोग डेयरी एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में दुग्ध संग्रहण वृद्धि हेतु कार्यशाला आयोजित*
*कोण्डागांव, 14 जून 2023/* कलेक्टर श्री दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में दुग्ध उत्पादन के लिए पशुपालकों एवं किसानों को प्रोत्साहित करने सहित दुग्ध उत्पादन में जिले को आत्मनिर्भर बनाने हेतु पशुपालन विभाग निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ शिशिरकांत पाण्डे के मार्गदर्शन में पशुपालन विभाग के चिकित्सकों डॉ सुरेंद्र नाग, डॉ नीता मिश्रा, डॉ आरती व डॉ आकांक्षा की गठित विशेषज्ञ समिति द्वारा दुग्ध उत्पादन में सहकारिता के महत्व विषय पर कृषि विज्ञान केंद्र बोरगांव में कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित की गई। जिसमें जिले के विकासखंड फरसगांव में स्थापित एकमात्र दुग्ध प्रशीतन केंद्र में जिला प्रशासन द्वारा दुग्ध संग्रहण बढ़ाने हेतु किये जा रहे प्रयासों के बारे में पशुपालकों को अवगत कराते हुए उनके समस्याओं के निराकरण हेतु समिति द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सुझावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान उपसंचालक पशुपालन विभाग डॉ शिशिरकांत पाण्डे द्वारा सहकारिता के महत्व पर व्याख्यान देते हुए सदस्यों के समस्याओं को निराकृत करने आश्वस्त किया गया। वहीं देवभोग डेयरी पखांजूर के प्रतिनिधि श्री गजानन साहू द्वारा पशुपालकों को दुग्ध संग्रहण करने के लिए आपसी समन्वय स्थापित करने का सुझाव दिया और संग्रहित दुग्ध के भुगतान की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। वहीं पशुपालन विशेषज्ञ डॉ हितेश मिश्रा द्वारा नये पशुपालकों और किसानों को जोड़कर दुग्ध संग्रहण बढ़ाने हेतु प्रशीतन केंद्र के कार्य क्षेत्र का विस्तार करने तथा नए मिल्क रूट एवं संग्रहण केन्द्र बढ़ाने के सुझाव दिए गए। उक्त कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के डॉ बिंदिया, श्री महेश नाग, श्री दुर्गा प्रसाद साहू एवम श्री गौतम दुबे का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान पशुपालक श्री महेश डे एवं श्री तिवारी ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सार्थक चर्चा में सम्मिलित होकर दुग्ध संग्रहण बढ़ाने हेतु अधिकाधिक पशुपालकों को समिति से जोड़ने का सुझाव देते हुए इस दिशा में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया। उक्त कार्यक्रम में सिंगारपुरी, बोरगांव, चुरेगांव, बड़ेडोंगर के पशुपालक तथा किसान शामिल हुए।

