कोण्डागांव / कलेक्टर श्री दीपक सोनी द्वारा जिले के माकड़ी एवं फरसगांव ब्लाक में सिकलसेल जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान करने हेतु दो मोबाईल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर अवगत कराया गया कि भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएसआर के अंतर्गत पिरामल स्वास्थ्य के सहयोग से कोण्डागांव जिले के माकड़ी एवं फरसगांव ब्लाॅक में मोबाईल मेडिकल यूनिट के जरिये आगामी दो महिने तक सिकलसेल जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जायेगी। इस दौरान मोबाईल मेडिकल यूनिट के द्वारा गर्भवती माताओं सहित उनके परिवार के सदस्यों, आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों सहित 6 वर्ष से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के साथ ही किशोर बालक-बालिकाओं का सिकलसेल जांच के लिए रक्त परीक्षण उनके गांवों में जाकर किया जायेगा। रक्त परीक्षण में सिकलसेल धनात्मक पाये जाने पर सम्बन्धित के रक्त नमूने को इलेक्ट्रोफोरेसिस जांच हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अथवा जिला अस्पताल भेजा जायेगा। वहीं ग्रामीणों को सिकलसेल रोग से मुक्त करने के लिए परामर्श देकर जागरूक किया जायेगा। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, सिविल सर्जन डाॅ0 आरसी ठाकुर, डीपीएम श्रीमती भावना महलवार, पीएमयू राजशेखर रेड्डी एवं सिओना कोरिया, पिरामल फाण्डेशन के एडीसी प्रोग्राम लीडर श्री प्रदीप राव तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

