Prayagraj Cash Recovery: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक संदिग्ध व्यक्ति के मकान में खुदाई के दौरान नीला ड्रम निकला। ड्रम को जब खोला गया तो पुलिस के होश उड़ गए। उसके अंदर नोटों की गड्डियां मिलीं।
नोटों की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को सूचना दी गई। फिर देर रात नोटों की गिनती शुरू हुई। देर रात तक चार करोड़ रुपये की गिनती कंप्लीट हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि, कुल रकम 60 करोड़ रुपए से ज्यादा होने की जानकारी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
घेराबंदी कर पुलिस ने शुरू की खुदाई
सूचना पर पुलिस की टीम बरईपुर रामनगर पहुंची। मुखबिर के द्वारा बताए गए संदिग्ध व्यक्ति के मकान की घेराबंदी कर मकान को चारों तरफ से घेरा। फिर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू की। व्यक्ति के निशानदेही पर मकान के अंदर जमीन की खुदाई की गई। खुदाई में नीला ड्रम निकला। ड्रम को खोलकर नोटों की गड्डियां भरी मिली। बड़ी रकम मिलने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी अचंभित रह गए।
देर रात तक नोटों की गिनती
देर रात तक बरामद नोटों की गिनती हुई। उस समय तक चार करोड़ रुपये की गिनती पूरी कंप्लीट हो चुकी थी। सूत्रों के अनुसार, बरामद रकम 60 करोड़ से अधिक होने की जानकारी है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक कुल बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। नोटों की गिनती पूरी होने के बाद आगे की जानकारी मिल सकेंगी। इतनी बड़ी रकम कहां से आई पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
पुणे की फर्म से जुड़ा है मामला?
बरईपुर रामनगर निवासी व्यक्ति पुणे की एक फर्म में काम करता था। नोटबंदी के दौरान वहां से बोरियों में रखे रुपये लेकर फरार हो गया। गांव लौटने के बाद उसने जमीन खरीदी और बाकी बचे रुपए को ड्रम में डालकर जमीन के अंदर गाड़ दिया। हालांकि, इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि इतनी बड़ी संख्या में रकम कहां से और उससे जुड़े इस्तेमाल की जानकारी सामने आ सके।
पड़ोसी से कहासुनी के बाद खुला राज?
जानकारी के अनुसार, पड़ोसी से कहासुनी के बाद जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए रकम की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। निर्देश मिलते ही पुलिस संदिग्ध व्यक्ति के मकान के बाहर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। जैसे ही जमीन के नीचे से नोटों से भरे ड्रम मिलने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस कर रही है पूछताछ, रकम के स्रोत की जांच
पुलिस के मुताबिक, बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति के मकान से करोड़ों रुपये मिले हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। नोटों की गिनती पूरी होने के बाद रकम कितनी है इसकी स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

