*अनियंत्रित होकर पलटी मेटाडोर दो की मौत*
कांकेर जिले के अंतगाढ़ थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार मेटाडोर ग्राम पोडगांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं 36 लोग घायल है, जिसमें से 12 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद कांकेर जिला अस्पताल रिफर किया गया है।बता दें कि अंतागढ़ के नयापारा निवासी गीतेश यादव के बच्चे का रविवार शाम को छट्ठी कार्यक्रम था। उसमें शामिल होने के लिए ससुराल कोदाभाट से रिश्तेदार व परिचित एक मेटाडोर में सवार होकर निकले थे। अभी वे शाम भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ के बीच पोडगांव पहुंचे थे, कि चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और वह तेज रफ्तार में सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलने पर पास में ही स्थित बीएसएफ कैंप से जवान, स्थानीय पुलिस और अन्य लोग मदद के लिए पहुंचे। इसके बाद घायलों को वहां से निकाला गया और उन्हें अंतागढ़ अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मनीषा तारम 22 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान कोदाभाट निवासी सुमन मंडावी 61 वर्ष ने भी दम तोड़ दिया। इनके अलावा 36 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें 30 महिलाएं और चार बच्चे भी शामिल हैं।

