Massive fire at HPCL refinery in Visakhapatnam: आंध्र प्रदेश के तटीय शहर विशाखापत्तनम से बड़ी खबर सामने आई है। यहां मल्कापुरम इलाके में स्थित HPCL की विशाल रिफाइनरी में सोमवार की देर रात अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरा आसमान काले धुएं से भर गया।
सबसे राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है। सभी कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग रिफाइनरी की सबसे नई यूनिट यानी रेजिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी (RUF) में लगी है। इस यूनिट के पिच टावर, जिसे सल्फर पिच टैंक भी कहा जाता है, में पहले एक तेज धमाका हुआ और फिर आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जाता है कि यही यूनिट काले तेल को साफ कर पेट्रोल-डीजल बनाती है।
धमाके से सहम गए लोग
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, रात में अचानक हुए तेज धमाके से आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। धमाके के फौरन बाद रिफाइनरी से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।
कैसे पाया गया आग पर काबू?
हादसे के तुरंत बाद HPCL का इमरजेंसी सिस्टम चालू हो गया। पूरे प्लांट में अलार्म बजा और ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ को सेफ जोन में शिफ्ट किया गया। आग को फैलने से रोकने के लिए पूरी यूनिट को आइसोलेट कर दिया गया।
मल्कापुरम इंस्पेक्टर ई. नरसिम्हा राव और पुलिस कमिश्नर शंखब्रत बागची ने बताया कि HPCL की अपनी फायर टीम ने ही मोर्चा संभाला और बिना बाहर की मदद के आग पर काबू पा लिया। धुआं जहरीला नहीं था, इसलिए आम लोगों के लिए खतरे की बात नहीं है।
फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है, लेकिन टैंक के स्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा है। कंपनी हादसे के कारणों की आंतरिक जांच कर रही है।

