भारतीय क्रिकेट टीम को इस महीने इंग्लैंड के दौरे पर जाना है, जहां उसे मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. इस टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका है. टीम का कप्तान शुभमन गिल को बनाया गया है, जो बतौर टेस्ट कप्तान उनका पहला असाइनमेंट होगा. वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उप-कप्तानी सौंपी गई है.
भारतीय टीम का तो ऐलान हो गया है, लेकिन इंग्लिश टीम की घोषणा अबतक नहीं हुई है. वैसे भी इस टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड की टीम का सिरदर्द काफी बढ़ चुका है. देखा जाए तो इंग्लैंड की पेस यूनिट ही घायल हो गई है. इंग्लिश टीम के 5 धुरंधर तेज गेंदबाज इंजर्ड हैं, इनमें से कुछ का आगामी टेस्ट सीरीज में खेलना तय नहीं है…
♦ मार्क वुड को आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में घुटने की इंजरी हो गई थी. इसके चलते वुड को सर्जरी की आवश्यकता पड़ी और वो 4 महीने के लिए एक्शन से दूर हो गए. वुड के जुलाई के अंत तक मैदान पर लौटने की उम्मीद है. यानी वो भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शायद ही कोई मुकाबला खेल पाएं.
♦ जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया टेस्ट मैच में गस एटकिंसन की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था. इसके चलते वो वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे. अभी ये स्पष्ट नहीं है कि एटकिंसन भारतीय टीम के लिए होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए समय पर फिट हो पाएंगे या नहीं.
♦ इंजर्ड तेज गेंदबाजों की लिस्ट में अब जेमी ओवर्टन भी शामिल हो चुके हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे के दौरान ओवर्टन की उंगली में फ्रैक्चर हो गया. ओवर्टन इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की निगरानी में रिहैब के दौर से गुजरेंगे. हालांकि, उनकी वापसी को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा सामने नहीं आई है.
बता देंकि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज हेडिंग्ले के लीड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू होने वाली है, जिसका पहला मुकाबला 20 से 24 जून तक होगा. फिर अगला टेस्ट बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में 2 से 6 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा. वहीं तीसरा टेस्ट मैच 10 जुलाई से 14 जुलाई तक क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स में होगा. मैनचेस्टर 23 जुलाई से 27 जुलाई तक ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथे टेस्ट की मेजबानी करेगा. वहीं सीरीज का पांचवां एवं अंतिम मुकाबला 31 जुलाई से 4 अगस्त तक लंदन के द ओवल में खेला जाएगा.
भारत vs इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का फुल शेड्यूल
पहला टेस्ट: 20-24 जून, 2025- हेडिंग्ले, लीड्स
दूसरा टेस्ट: 2-6 जुलाई, 2025- एजबेस्टन, बर्मिंघम
तीसरा टेस्ट: 10-14 जुलाई, 2025- लॉर्ड्स, लंदन
चौथा टेस्ट: 23-27 जुलाई, 2025- ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर
पांचवां टेस्ट: 31 जुलाई-4 अगस्त, 2025- द ओवल, लंदन



