*खेलते-खेलते अचानक कुएं में गिरा बच्चा, दोस्त की सूझबूझ से महज तीन मिनट में ऐसे बची जान*
दमोह : मध्यप्रदेश के दमोह जिले में एक सात साल के बच्चे ने दोस्त की मदद से मौत को मात दी। दरअसल दमोह के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल वॉर्ड में एक सात वर्षीय बालक अरनव जैन खेल रहा था, इसी दौरान वह 28 फीट गहरे कुएं में गिर गया। इस दौरान पास ही खेल रहे उसके दोस्त संयम जैन ने उसे कुएं में गिरते हुए देखा और उसकी सूझबूझ से अरनव की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि सिविल वॉर्ड में रहने वाले पवन जैन के कुएं में जाली के ऊपर अरनव खेल रहा था। जैसे ही वह कुएं में गिरा उसके दोस्त संयम ने आवाज दी और ढांढस बंधाया। इसके बाद संयम तुरंत घर के अंदर गया और पवन जैन को इसकी जानकारी दी। पवन जैन तत्काल कुएं के अंदर उतरे और अरनव को सकुशल बाहर निकाला।पवन जैन ने बताया कि उनके घर में जो कुआं बना है वह चारों तरफ से जाली से ढंका रहता है, आंगन में बच्चे खेल रहे थे, इसी दौरान जब अरनव जाली के ऊपर खड़ा हुआ तो वह खिसक गई और अरनव सीधा कुएं में जा गिरा। कुएं की गहराई 28 फीट है, जिसमें करीब 15 फीट पानी भरा है।

