*अपने बच्चों को बचाने खतरनाक नाग से भिड़ गई फीमेल डॉग, नज़ारा देख उड़े लोगों के होश*
मरवाही जिले के मरवाही में एक रोमांचक नजारा देखने को मिला जहां मरवाही थाना परिसर में अपने तीन बच्चों को बचाने के लिए डॉगी मां जहरीले कोबरा सांप से ही भिड़ गई। दरअसल मरवाही थाना परिसर में ही स्थित पुराने भवन में फीमेल डॉग ने कुछ दिनों पहले यहां 3 बच्चों को जन्म दिया था और कुछ देर के लिए फीमेल डॉग जब इन पिल्लों से दूर गई कि कहीं से जहरीला कोबरा सांप इन पिल्लों के नजदीक पहुंच गया।जहरीला कोबरा सांप इन पिल्लों की तरफ बढ़ ही रहा था कि तभी इसी दौरान फीमेल डॉग वहां पहुंची और कोबरा सांप से भिड़ गई।करीब 20 मिनट तक फीमेल डॉग और कोबरा सांप के बीच मुकाबला चलता रहा और बाद में जब डॉगी मां हार नहीं मानी तो कोबरा सांप वहां से भागकर दीवारों की दरार मे जाकर छिप गया और बाद में दूर भाग गया। मरवाही के पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने इस पूरे नजारे को कैमरे में कैद किया ।
लोगों ने डॉगी मां और उसके तीनों बच्चों को खाना और पानी दिया। उन्हें देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। लोगों ने कहा कि करीब 20 मिनट तक अपने पिल्लों को बचाने के लिए फीमेल डॉग कोबरा सांप से संघर्ष करती रही। मरवाही थाने के पुलिसकर्मी भी लोगों की भीड़ को देखकर वहां आ गए थे। एक जानवर मां का अपने छोटे-छोटे बच्चों के लिए प्रेम देखकर सभी हैरान रह गए। वही पुलिसकर्मी एवं स्थानीय लोगों ने उन बच्चों को उसकी मां समेत वहां से सुरक्षित जगह ले जाकर रख दिया है, जहां जानवरों या जहरीले जीवों का खतरा नहीं हैं.

