एनक्यूएएस-आईपीएचएल ओरिएंटेशन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न
रायपुर, 6 मई 2026।
राज्य में प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता सुदृढ़ करने की दिशा में 4 एवं 5 मई 2026 को एनक्यूएएस-आईपीएचएल (NQAS-IPHL) ओरिएंटेशन प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित हुआ, जिसमें पहले बैच में 24 तथा दूसरे बैच में 29 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
यह प्रशिक्षण संस्था FIND द्वारा, Siemens Healthineers के CSR विंग के सहयोग एवं राज्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के साथ समन्वय में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को एनक्यूएएस-आईपीएचएल मानकों, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली तथा प्रयोगशाला सेवाओं के विभिन्न पहलुओं के प्रति सशक्त बनाना था।
प्रशिक्षण सत्रों का संचालन राज्य गुणवत्ता सलाहकार डॉ. विक्रम शर्मा, विषय विशेषज्ञ डॉ. जूही चंद्रा एवं डॉ. नेहा सरजल द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान गुणवत्ता मानकों के अनुपालन, दस्तावेज़ीकरण, आंतरिक एवं बाह्य गुणवत्ता आश्वासन तथा प्रयोगशाला प्रक्रियाओं में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर FIND द्वारा पूर्व में किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया गया, जिसके परिणामस्वरूप रायपुर एवं बलौदा बाजार जिले देश के क्रमशः पहले एवं दूसरे एनक्यूएएस प्रमाणित आईपीएचएल प्रयोगशाला बने। यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व का विषय है और अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रशिक्षण के सफल आयोजन में FIND के फेसीलिटेटर डॉ. नवनीत रंजन एवं अंजय गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही, राज्य एनएचएम के श्री आनंद साहू के कुशल समन्वय एवं सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके प्रयासों से यह प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण के अनुमोदन एवं मार्गदर्शन के लिए एनएचएम के प्रबंध निदेशक श्री रणबीर शर्मा, संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेंद्र पांभोई एवं उपनिदेशक डॉ. शशि स्वर्णकार के प्रति भी हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में अधिक से अधिक स्वास्थ्य संस्थान एनक्यूएएस प्रमाणन प्राप्त कर सकेंगे।

