रतलाम जिले में लंबे समय से झमाझम वर्षा नहीं हुई है। इससे कहीं-कहीं खेतों में खड़ी सोयाबीन व मक्का फसल में कीट का प्रकोप देखने को मिल रहा है।
इसके लिए कृषि विभाग का मैदानी अमले द्वारा किसानों को जरूरी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जिले में अब तक औसत 413.88 मिमी वर्षा हो चुकी है। जिले की कुल वर्षा 918.3 मिमी है। दो दिन से मौसम पूरी तरह साफ है।
जिले में अब तक औसत 413.88 मिमी
सोमवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए बीते चौबीस घंटों के दौरान जिले में कहीं भी वर्षा नहीं हुई। जावरा, पिपलौदा, सैलाना, आलोट, ताल, बाजना, रतलाम, रावटी तहसीलें सूखी रही। गत वर्ष इस अवधि में अब तक 281.58 मिमी वर्षा हुई थी, जबकि इस वर्ष 413.88 मिमी वर्षा हो चुकी है।
कीट-व्याधियों से बचाव के उपाय
सहायक संचालक कृषि भीका वास्के ने बताया कि जिले में 3,00,710 हेक्टेयर में खरीफ की सोयाबीन, कपास, मक्का आदि की बोवनी हो चुकी है। वर्तमान में खरीफ फसलों की स्थिति ठीक है, लेकिन कहीं-कहीं पत्ते खाने वाली इल्लियों का प्रकोप दिखाई दे रहा है।


