साधुराम स्कूल परिसर में 6 दिवसीय पुस्तक मेला आज से शुरू,कलेक्टर ने छात्रों एवं अभिभावकों से पुस्तक मेले का लाभ लेने की अपील । सुभाष चौक स्थित साधुराम स्कूल परिसर में सोमवार 7 अप्रैल से शुरू होने जा रहे छरू दिवसीय गणवेश एवं पुस्तक मेला के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सोमवार को इस पुस्तक मेले का औपचारिक शुभारंभ होगा। मेला प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक लगा रहेगा।
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव की पहल पर आयोजित हो रहे इस पुस्तक मेला में निजी स्कूलों, पब्लिशर्स तथा बुक सेलर्स के 26 स्टॉल लगाये जायेगें। कलेक्टर श्री यादव द्वारा निजी स्कूलों, पब्लिशर्स तथा कतिपय बुक सेलर्स की मनमानी से अभिभावकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से इस पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है। जहां प्रतिस्पर्धी एवं न्यूनतम दर पर छात्रों, पालकों और अभिभावकों को कॉपी-किताबें, यूनिफार्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के नजरिये से जिला प्रशासन द्वारा सार्थक पहल की गई है।


