Pushya Nakshatra 2026: दिवाली से पहले खरीदारी के लिए 1 और 2 नवंबर 2026 को खास माना जा रहा है। दोनों दिन पुष्य नक्षत्र का संयोग रहेगा।
इस दौरान रवि पुष्य योग समेत कई शुभ योग बनेंगे। 128 साल बाद यह संयोग बन रहा है। कारोबार की शुरुआत और निवेश से जुड़ा फैसला लेना अच्छा रहेगा।
1 नवंबर को बनेगा रवि पुष्य योग
रविवार को सुबह 10 बजकर 16 मिनट से पुष्य नक्षत्र शुरू होगा। यह 2 नवंबर को सुबह 8 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। रविवार को पुष्य नक्षत्र पड़ने के कारण रवि पुष्य योग बनेगा। इस दिन रवि पुष्य योग के साथ शंख, लक्ष्मी, शश, हर्ष, सरल, साध्य, मित्र और गजकेसरी योग बनने की संभावना है। इसके अलावा मंगल और चंद्रमा की युति भी रहेगी। आज के दिन सोने-चांदी के आभूषण, वाहन, जमीन और मकान खरीदना शुभ माना जाता है। नए काम की शुरुआत करने की योजना बना रहे लोगों के लिए आज का दिन काफी खास है।
2 नवंबर को सुबह तक रहेगा पुष्य नक्षत्र
सोमवार को सुबह 8 बजकर 50 मिनट तक पुष्य नक्षत्र रहेगा। इस दिन भी कई शुभ योगों का संयोग बताया गया है। इनमें सर्वार्थसिद्धि, शुभ, श्रीवत्स, अमला, वाशि और सरल योग शामिल हैं। इसके अलावा अमृतसिद्धि और सर्वार्थसिद्धि योग का भी उल्लेख है। इन योगों में किए गए शुभ कार्यों में सफलता मिलने की संभावना मानी जाती है। इस दिन भी सोना-चांदी खरीदने और निवेश से जुड़े फैसला लेना शुभ हो सकता है। व्यापारी नए बही-खाते शुरू करने और कारोबार से जुड़ी योजनाओं को शुभ मानते हैं।
पुष्य नक्षत्र में क्या खरीदना माना जाता है शुभ?
27 नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र काफी खास है। इसे नक्षत्रों का राजा भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस नक्षत्र में खरीदी गई चीजें लंबे समय तक सुख-समृद्धि देती हैं। इसी वजह से इस दौरान कई तरह की खरीदारी को शुभ माना जाता है।
सोना-चांदी: इस नक्षत्र में सोने और चांदी के आभूषण खरीदने की परंपरा है।
जमीन और मकान: भूमि, भवन या फ्लैट की बुकिंग के लिए भी यह समय शुभ माना जाता है।
वाहन: नई गाड़ी या दूसरे वाहन खरीदने की योजना बनाने वाले लोग इस संयोग को अच्छा मानते हैं।
दुकान और मशीनरी: कारोबार बढ़ाने के लिए नई दुकान, मशीनरी या व्यापार से जुड़ा सामान खरीदना शुभ माना जाता है।
बही-खाते: व्यापारी इस अवसर पर नए बही-खाते शुरू कर सकते हैं।
पूजा सामग्री: चांदी, तांबे और स्फटिक से बनी पूजन सामग्री खरीदना भी शुभ माना जाता है।

