अलीपुरद्वार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार का दौरा किया। यहां विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित किया।पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के हालात के लिए मौजूदा टीएमसी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर पाकिस्तान को भी आईना दिखाया। पढ़िए पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें।
पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद अब भारत ने दुनिया को बता दिया है कि अगर अब भारत पर आतंकी हमला हुआ, तो दुश्मन को उसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। पाकिस्तान समझ ले, तीन बार घर में घुसकर मारा है तुम्हें।
आतंक और नरसंहार, ये पाकिस्तानी सेना की सबसे बड़ी विशेषज्ञता है। जब सीधा युद्ध लड़ा जाता है तो उसकी हार तय होती है, उसका पराजय निश्चित होता है, उसको मुंह की खानी पड़ती है। यही कारण है कि पाकिस्तान की सेना आतंकियों का सहारा लेती है।
मोदी ने ममता बनर्जी सरकार को भी लिया निशाने पर
बंगला की ममता बनर्जी सरकार को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने कहा- ‘राजनीति अपनी जगह पर है, लेकिन गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी और महिलाओं से TMC क्यों दुश्मनी निकाल रही है? पश्चिम बंगाल के गरीब, SC-ST, OBC के लिए जो भी योजनाएं देश में चल रही हैं, उनमें से बहुत सारी योजनाएं यहां लागू ही नहीं होने दी जा रही।’
‘पूरे देश में करोड़ों लोगों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल चुका है लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है इसका फायदा पश्चिम बंगाल के मेरे भाई-बहनों को नहीं मिल रहा है। पश्चिम बंगाल का कोई साथी अगर दिल्ली, बेंगलुरु या चेन्नई गया है,उसको वहां मुफ्त इलाज नहीं मिल पाता है क्योंकि निर्मम सरकार ने बंगाल के अपने लोगों को आयुष्मान कार्ड देने ही नहीं दिया।


